
Son of Sardaar 2: फिल्म से बाहर हुए विजय राज? मेकर्स ने लगाए गंभीर आरोप
Son of Sardaar 2: अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था। खबर है कि अभिनेता विजय राज को फिल्म सन ऑफ सरदार 2 से हटा दिया गया है। मेकर्स ने उनपर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
साल 2012 में आई अजय देवगन और सोनाक्षी सिन्हा स्टारर फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ को लोगों ने काफी पसंद किया था और अब लगभग 12 साल बाद इसके सीक्वल को लाने की तैयारी चल रही है। इस वजह से इसकी दूसरी कड़ी ‘सन ऑफ सरदार 2’ को लेकर भी दर्शक बेहद उत्साहित हैं। इस फिल्म से अभिनेता विजय राज भी जुड़े थे, लेकिन अब खबर आ रही है कि उन्हें उनके बुरे व्यवहार के कारण फिल्म से बाहर कर दिया गया है। इस पर खुद विजय ने भी प्रतिक्रिया दी है।
हालांकि, अब इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म से जुड़ा एक चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि मेकर्स ने विजयराज को इस प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया है। सेट पर मेकर्स और क्रू के साथ उनका बर्ताव अच्छा नहीं था। वहीं, अभिनेता ने भी इस पर अपनी बात रखी है।
सह-निर्माता ने बताई वजह
हाल ही में फिल्म के सह-निर्माता कुमार मंगत पाठक ने पिंकविला से इसके बारे में बात करते हुए कहा कि हां, यह सच है हमने विजय राज को सेट पर उनके व्यवहार के कारण फिल्म से हटा दिया। साथ ही यह भी बताया गया कि अब उनकी जगह संजय मिश्रा को लिया गया है।
निर्माता आगे बोले, “ब्रिटेन एक महंगी जगह है और शूट के हिसाब से सभी को अच्छे कमरे दिए गए, लेकिन उनकी मांग प्रीमियम सुइट्स की थी। जब हमने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने समझने से इनकार कर दिया और गलत तरीके से बात की। यही नहीं, अभिनेता के स्पॉट बॉय ने नशे में एक होटल स्टाफ सदस्य के साथ यौन उत्पीड़न किया। जब हमने स्थिति संभालने की कोशिश कीे तो विजय ने इसमें भी हमारा सहयोग नहीं किया।”
वहीं, विजय राज ने इस पर अपना पक्ष भी रखा। एक्टर ने कहा कि उन्हें इसलिए हटा दिया गया, क्योंकि उन्होंने सेट पर आने पर अजय देवगन का अभिवादन नहीं किया। राज ने बताया कि वह ट्रायल के लिए समय से पहले पहुंच गए थे और उन्होंने देखा कि अजय देवगन लगभग 25 मीटर दूर खड़े थे, लेकिन उन्होंने उनका अभिवादन नहीं किया, क्योंकि वह व्यस्त लग रहे थे।





