करवा चौथ के व्रत में ऐसे रखें अपनी सेहत का ख्याल, जानें सरगी और पारण का सही तरीका

लेखिका: शशि सिंह

(एम. फिल. न्यूट्रिशन, पूर्व आहार विशेषज्ञ – केजीएमयू, और सलाहकार कर्तव्य हेल्थयोन, लखनऊ)

Karwa Chauth Health Tips: सुहाग और प्रेम का प्रतीक पर्व करवा चौथ का हिंदू धर्म में बहुत बड़ा महत्व है। यह त्योहार हर विवाहित महिला के लिए बेहद खास होता है। मान्यताओं के अनुसार, इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखती हैं। इस दौरान वे पूरे दिन अन्न और जल ग्रहण नहीं करतीं और रात में चांद देखने के बाद जल पीकर अपना व्रत खोलती हैं।

हालांकि, कई महिलाओं को इस निर्जला व्रत के दौरान या बाद में कमजोरी, सिरदर्द, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसका मुख्य कारण शरीर में ऊर्जा और पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) होना है। अगर आप भी चाहती हैं कि व्रत के दौरान आपके शरीर में ऊर्जा बनी रहे और आप स्वस्थ रहें, तो इन जरूरी बातों का विशेष ध्यान रखें:

सरगी में क्या खाएं

निर्जला व्रत को सेहतमंद तरीके से पूरा करने के लिए सुबह की ‘सरगी’ बेहद महत्वपूर्ण होती है। सरगी में ऐसी चीजें शामिल करें जो आपको लंबे समय तक ऊर्जा दें और प्यास कम लगाएं:

  • फल और पानी: केला, सेब, पपीता या संतरा खाएं। ये फल शरीर में लंबे समय तक पानी और नमी बनाए रखते हैं।

  • ड्राई फ्रूट्स: 6 से 8 भीगे हुए बादाम और 2 अखरोट का सेवन करें।

  • हेल्दी कार्ब्स और प्रोटीन: पनीर का पराठा, बेसन का चीला या एक कटोरी दही लें, ताकि पेट भरा रहे और बार-बार प्यास न लगे।

  • पेय पदार्थ: पर्याप्त मात्रा में पानी, नारियल पानी या छाछ का सेवन करें ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे।

व्रत खोलने के बाद (पारण में) क्या खाएं

पूरे दिन भूखे-प्यासे रहने के बाद व्रत खोलते समय खान-पान का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, वरना पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।  व्रत खोलते ही एकदम से भारी खाना खाने से बचें। सबसे पहले एक-दो गिलास सामान्य या गुनगुना पानी, नारियल पानी, नींबू पानी पिएं या 1-2 खजूर खाएं।

पानी पीने के थोड़ी देर बाद हल्की मूंग दाल की खिचड़ी, दलिया, या एक कटोरी उबली/हल्की हरी सब्जी के साथ एक रोटी खाएं। पचने में आसान एक कटोरी ताजा दही या छाछ को अपने भोजन में जरूर शामिल करें।

व्रत के दौरान किन चीजों से परहेज करें?

सेहत को दुरुस्त रखने और एसिडिटी से बचने के लिए इन चीजों से दूरी बनाना बहुत जरूरी है। पकौड़े, पूरी और ज्यादा तेल-मसाले वाले खाद्य पदार्थों से बचें, क्योंकि इससे गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।

अत्यधिक मिठाई या चाशनी वाली चीजें खाने से शरीर में ब्लड शुगर अचानक बढ़ सकता है और बाद में भारी थकान महसूस हो सकती है।सरगी में या व्रत खोलने के तुरंत बाद चाय-कॉफी पीने से बचें, क्योंकि इससे डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) बढ़ सकता है।

Back to top button