
FIITJEE ने किया स्टूडेंट्स के फ्यूचर से खिलवाड़, एडवांस फीस लेकर बंद कर दी कोचिंग…
FIITJEE Coaching Row: लखनऊ से फिटजी कोचिंग संस्थान को एडवांस फीस लेकर बंद किए जाने का मामला आया है। यूपी के अन्य शहरों से भी इस प्रकार की जानकारी सामने आ रही है।
FIITJEE Coaching Row: आईआईटी, जेईई जैसे परीक्षाओ की तैयारी करवाने वाली फिटजी कोचिंग के राजधानी स्थित तीनों सेंटरों अलीगंज, आशियाना और गोमतीनगर पर ताला लटका हुआ है। इससे करीब दो हजार बच्चों बच्चों का भविष्य अधर में है। बिल भुगतान न होने से इन केंद्रों की बिजली भी कट चुकी है। जानकारी के मुताबिक हर केंद्र पर करीब 700 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। कोचिंग के भागने के बाद ये दूसरे संस्थान में प्रवेश लेने के लिए मजबूर हैं। फिटजी कोचिंग के शिक्षकों और कर्मचारियों को कई महीने से वेतन नहीं मिला है। इनमें से ज्यादातर ने या तो दूसरा संस्थान जॉइन कर लिया है या सड़क पर हैं।
लखनऊ में अभिभावक ने दी तहरीर
अशर्फाबाद निवासी सचिन कुमार रस्तोगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उन्होंने पिछले साल अप्रैल में अपनी बेटी का दाखिला फिटजी कोचिंग के अलीगंज सेंटर में करवाया था। कोचिंग ने दो साल के लिए दो लाख रुपये जमा करवाए थे, लेकिन बीते साल नवंबर के बाद से शिक्षकों ने अचानक कोचिंग छोड़ना शुरू कर दिया। कोचिंग में अपडेट और कोर्स मिलने भी बंद हो गए। इसके बाद जनवरी से सेंटर पूरी तरह बंद कर दिया गया। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
दावा किया जा रहा है कि लखनऊ का फिटजी कोचिंग सेंटर फाइनेंशियल क्राइसिस के चलते बंद होने की कगार पर है। गोमती नगर, अलीगंज और आशियाना में स्थित इस कोचिंग सेंटर में 700 से अधिक स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड हैं। छात्रों को अब अन्य कोचिंग सेंटर में प्रवेश लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है।





