’96 के सीक्वल को लेकर अफवाहें बेबुनियाद’, फेक न्यूज पर निर्देशक प्रेमकुमार का रिएक्शन

Sequel to 96 : निर्देशक सी. प्रेमकुमार ने सोशल मीडिया पर चल रही उन अफवाहों को खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा था कि अभिनेता प्रदीप रंगनाथन और विजय सेतुपति ने उनकी हिट लव स्टोरी ’96’ के सीक्वल में काम करने से मना कर दिया है।

Sequel to 96 : प्रेमकुमार की तमिल फिल्म ’96’, जिसमें विजय सेतुपति और त्रिशा लीड रोल में थे, एक ब्लॉकबस्टर फिल्म रही। निर्देशक प्रेमकुमार ने फर्जी खबरों को खारिज करते हुए अपने इंस्टाग्राम पेज पर फेक न्यूज का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया और लिखा, “यह हमेशा की तरह फर्जी खबर है। ’96’ के सीक्वल में पहले के ही कलाकार लिए जाएंगे। मैं ये भी साफ कर दूं कि प्रदीप रंगनाथन को किसी और कहानी के लिए अप्रोच किया गया था, उसका ’96’ के दूसरे पार्ट से कोई लेना-देना नहीं है।”

प्रेमकुमार ने फर्जी खबरों को किया खारिज

निर्देशक ने इस बात पर अफसोस जताया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग जानबूझकर झूठ और अफवाहें फैला रहे हैं, और अब ऐसी बातों से निपटना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “हर दिन इन झूठी खबरों से निपटना और भी मुश्किल होता जा रहा है। मैं फिर से मीडिया और पत्रकारों से अपील करता हूं कि सही बात लोगों तक पहुंचाएं।”

premkumar post

प्रेमकुमार की रोमांटिक फिल्म ’96’ साल 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को पूरे देश में खूब सराहना मिली। फिल्म की कहानी एक ऐसे आदमी की है, जो अपनी पहली मोहब्बत को जिंदगी भर नहीं भूलता, भले ही उनकी राहें अलग हो चुकी हैं। इस रोमांटिक लव स्टोरी ने लोगों के दिल जीत लिए। इसमें विजय सेतुपति और त्रिशा ने राम और जानू का किरदार निभाया था।

विजय सेतुपति और त्रिशा के अलावा, फिल्म में आदित्य भास्कर, गौरी जी किशन, जनक राज, भागवती परमल और देवदर्शिनी जैसे अन्य कलाकार जरूरी किरदार में थे।

फिल्म का संगीत गोविंद वसंत ने तैयार किया। फिल्म निर्माण एस. नंथगोपाल और उनकी कंपनी मद्रास एंटरप्राइजेज ने किया।

Back to top button