
Google और Meta को ED का नोटिस, सट्टेबाजी ऐप से जुड़ा है मामला
Google-Meta News: भारतीय जांच एजेंसी ED ने गूगल और मेटा पर बेटिंग एप को प्रमोट करने के आरोप लगाए हैं। ED ने दोनों कंपनियों को पूछताछ के लिए तलब किया है।
Google-Meta News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को टेक दिग्गज Google और Meta (फेसबुक) को समन जारी किया है। ईडी की यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के मामले में की जा रही है। दोनों कंपनियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। ईडी का कहना है कि गूगल और मेटा ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स को प्रसार और प्रचार के लिए प्लेटफॉर्म प्रदान किया है। इन कंपनियों पर यह आरोप है कि उन्होंने इन ऐप्स से जुड़ी वेबसाइट्स को प्रमुख विज्ञापन स्लॉट दिए, जिससे इनकी पहुंच और लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
21 जुलाई को पूछताछ के लिए किया तलब
सूत्रों के मुताबिक, गूगल और मेटा पर यह आरोप है कि उन्होंने इन बेटिंग ऐप्स को प्रमोट किया और ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक विज्ञापन और वेबसाइट्स को अपने प्लेटफॉर्म से प्रमुख रूप से स्थान दिया. अब ED ने दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया है.
सट्टेबाजी के खिलाफ एक्शन में ED
इस पूरे मामले में यह पहली बार है जब भारत में काम कर रही किसी बड़ी टेक कंपनी को सट्टेबाजी जैसे मामलों में सीधे तौर पर जवाबदेह ठहराया जा रहा है। ED की यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसमें कई बड़े नामों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े-
Robert Vadra पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल, लैंड डील केस में ED का ऐक्शन
कई तेलुगु सेलेब्स का आया नाम
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 5 FIR दर्ज होने के बाद ईडी एक्शन में आई और पिछले हफ्ते तेलुगु के 29 सेलेब्स के खिलाफ एक्शन लिया गया था। इस लिस्ट में एक्टर विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, निधि अग्रवाल, प्रणिता सुभाष और मांचू लक्ष्मी का नाम शामिल था। इसके अलावा कई टीवी एक्टर्स का नाम भी इस मामले में सामने आया था।
जांच के घेरे में कई ऐप्स
बता दें कि ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में ईडी के रडार पर कई बड़े ऐप हैं। इस लिस्ट में जंगल रमी, ए23, जीतविन, परिमैच और लोटस365 समेत कई ऐप्स के नाम शामिल हैं।
ये भी पढ़े-
Bomb Threat: दिल्ली के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, एक हफ्ते में तीसरा ई-मेल





