
वानखेडे स्टेडियम से IPL टीमों की जर्सी चोरी, सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार
IPL Jerseys Theft: मुंबई में प्रसिद्ध वानखेडे स्टेडियम के स्टोर से 6.52 लाख रुपये की जर्सी चोरी हो गई है। इस मामले में पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है।
IPL Jerseys Theft: मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस ने वानखेड़े स्टेडियम में स्थित बीसीसीआई के आधिकारिक मर्चेंडाइज स्टोर से 6.52 लाख रुपए की 261 आईपीएल जर्सी चोरी करने के आरोप में सुरक्षा प्रबंधक फारुख असलम खान (46) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत की गई है।
6.52 लाख रुपये की जर्सी की है कीमत
पुलिस के अनुसार, बीसीसीआई कर्मचारी हेमंग भारत कुमार अमीन (44) ने शिकायत दर्ज कराई। अमीन ने आरोप लगाया कि फारुख ने स्टोर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी आईपीएल टीमों की आधिकारिक जर्सी चुराईं। चोरी की गई 261 जर्सी की कुल कीमत 6,52,500 रुपये बताई गई है।
सिक्योरिटी गार्ड पर चोरी का आरोप
मरीन ड्राइव पुलिस ने अमीन की शिकायत के आधार पर तुरंत जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से घटना की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। साथ ही, चोरी का माल बरामद करने के लिए भी प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि फारुख पर चोरी का आरोप गंभीर है और जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
इस घटना के बाद वानखेड़े स्टेडियम जैसे प्रतिष्ठित स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बीसीसीआई का मर्चेंडाइज स्टोर दूसरी मंजिल पर स्थित है और यह प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय है। वहीं, पुलिस ने फारुख असलम खान को मुख्य आरोपी बनाया है।





