J&K Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में सेना कैंप पर आतंकी हमला, साजिश हुई नाकाम

Jammu Kashmir Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आतंकियों ने सेना के कैंप को निशाना बनाया जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। आतंकवादियों ने राजौरी में स्थित सेना के कैंप को निशाना बनाते हुए जबरदस्त फायरिंग की।

भारतीय सेना ने सोमवार, 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के राजौरी के एक दूरदराज गांव में एक बड़े आतंकवादी हमले को विफल कर दिया। सेना ने कहा है कि आगे के ऑपरेशंस जारी हैं। हमला एक आर्मी कैंप पर हुआ था। आतंकी हमले में सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। संदिग्ध आतंकवादियों ने सुबह 4 बजे राजौरी जिले के गुंडा इलाके में एक सुरक्षा चौकी पर गोलीबारी की। खबर है कि गोलीबारी जारी है और सुरक्षा बल, हमलावरों से भिड़ रहे हैं। इस हमले से जुड़ी और डिटेल सामने आना अभी बाकी है।

सर्च ऑपरेशन जारी…

जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 4 बजे कुछ आतंकियों ने सेना के कैंप पर फायरिंग की। दोनों ओर से गोलीबारी के बाद सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आतंकियों के आसपास के जंगल में छिपे होने की आशंका है। सेना के एक प्रवक्ता के मुताबिक, आतंकवादियों ने तड़के चार बजे राजौरी जिले के गुंधा इलाके में सेना की चौकी पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सैन्य चौकी की सुरक्षा में तैनात जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हुई।

बता दें कि बीते कुछ महीने से जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले बढ़े हैं। आए दिन आतंकी सेना के काफिले या फिर कैंप को निशाना बनाने की कोशिश करते हैं। वहीं सेना ने भी जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का सफाया करने का अभियान शुरू कर दिया है। हाल ही में सेना ने 3 हजार अतिरिक्त जवानों को उतारा है। इसके अलावा 500 पैरा कमांडो को भी जम्मू-कश्मीर में उतारा गया है।

इस साल की शुरुआत से अब तक जम्मू के 6 जिलों में करीब एक दर्जन आतंकी हमलों में 27 लोग मारे गए। मंगलवार को डोडा जिले में भारी हथियारों से लैस आतंकियों के साथ मुठभेड़ में चार सेना के जवान, जिनमें एक अधिकारी भी शामिल हैं, घायल हो गए। वहीं, पिछले हफ्ते कठुआ जिले के मचेड़ी जंगल क्षेत्र में आतंकियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में पांच सैनिक शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हो गए थे। 

Back to top button