कोरोना: बीते 24 घंटों में 10,929 नए मामले, एक्टिव केस 1.5 लाख से नीचे

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के नए मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देश में 10,929 मामले दर्ज हुए और इस दौरान 392 लोगों की मौत हुई है।
इसके साथ ही 12,509 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। नए आंकड़ों को जोड़ कर कुल सक्रिय मामलों की संख्या अब 1,46,950 हो गई है। वहीं अब तक कुल 33737468 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। अब तक इस जानलेवा वायरस के चलते 4,60,265 लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दें कि सक्रिय मामलों की संख्या शुक्रवार को 1,48,922 से घटकर 1,46,950 हो गई, जो सुबह 8 बजे अपडेट किया गया था। लगातार 29 दिनों से कोरोना मामलों में दैनिक वृद्धि 20,000 से नीचे रही है।
साथ ही 132 दिनों से रोजाना 50,000 से कम मामले सामने आए हैं। सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.43 प्रतिशत शामिल है, जो पिछले साल मार्च के बाद सबसे कम है। मंत्रालय ने कहा कि रिकलवरी दर 98.23 प्रतिशत है, जो पिछले साल मार्च के बाद सबसे अधिक है।
अबतक 1,07,92,19,546 लोगों को लगा टीका
वैक्सीनेशन भी देश में तेजी से हो रहा है। अबतक देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,07,92,19,546 तक पहुंच गया है। प्रत्येक दिन वैक्सीनेशन का आंकड़ा बढ़ रहा है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR)के मुताबिक, 5 नवंबर 2021 तक कोरोना के 61,39,65,751 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनमें से कल 8,10,783 नमूनों का परीक्षण किया गया है।
