कोरोना: दैनिक मामलों में रिकार्ड वृद्धि, बीते 24 घंटे में 90,928 नए केस

corona

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामले में रिकार्ड वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना के 90,928 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 325 लोगों की मौत भी हुई है। वहीं, 19,206 मरीज रिकवर हुए हैं।

इसके साथ ही कोरोना के कुल मामले बढ़कर 3,51,09,286 हो गए हैं। जबकि, सक्रिय मामले बढ़कर 2,85,401 हो गए हैं। कुल मृतकों की संख्या बढ़कर अब 4,82,876 हो गई है।

लगभग 200 दिन बाद रिकार्ड मामले

देश में लगभग 200 दिन बाद कोरोना के इतने नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले 10 जून को 92,291 नए मामले सामने आए थे।

ओमिक्रोन के मामले 2600 के पार

कोरोना वायरस के वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले भी तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक ओमिक्रोन के मामले बढ़कर अब 2630 हो गए हैं।

हालाँकि इसके 995 मरीज रिकवर भी हो चुके हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा 797 मामले हैं, जबकि राजधानी दिल्ली में इसके कुल मामले 465 हो गए हैं।

148 करोड़ के पार पहुंचा वैक्सीनेशन का आंकड़ा

वहीं, देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 148 करोड़ के पार हो गया है। कोविन एप के मुताबिक, देश में कोरोना की लगभग 148 करोड़ 71 लाख खुराक दी जा चुकी है।

86 करोड़ 78 लाख से ज्यादा पहली खुराक जबकि लगभग 62 करोड़ दूसरी डोज दी गई है। वहीं, अब तक लगभग डेढ़ करोड़ किशोरों को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 153.90 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 18.43 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध हैं।

Back to top button