अच्छी खबर: अर्थव्यवस्था में तेज सुधार, जीएसटी कलेक्शन 1 लाख करोड़ के पार

gst

नई दिल्ली। जीडीपी आंकड़ों में सुधार के बाद अब गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) कलेक्शन पर भी अच्छी खबर है।

जीएसटी रेवेन्यु कलेक्शन एक बार फिर 1 लाख करोड़ रुपए के स्तर को पार कर लिया है। अगस्त महीने में ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यु 1,12,020 करोड़ रुपए रहा।

पिछले साल इसी अवधि में तुलनात्मक रूप से जीएसटी राजस्व में 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, जुलाई 2021 के मुकाबले अगस्त में जीएसटी कलेक्शन कम हुआ है।

जुलाई में कितना था कलेक्शन

जुलाई, 2021 में 1,16,393 करोड़ रुपए का ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यु कलेक्शन था। इसमें सीजीएसटी 22,197 करोड़ रुपए, एसजीएसटी 28,541 करोड़ रुपए, आईजीएसटी 57,864 करोड़ रुपए और उपकर (सेस) 7,790 करोड़ रुपए शामिल हैं।

बता दें कि जीएसटी संग्रह लगातार आठ महीने तक 1 लाख करोड़ से अधिक रहने के बाद जून 2021 में घटकर 1 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गया था।

जून 2021 महीने के दौरान संग्रह काफी हद तक मई 2021 से संबंधित था। मई 2021 के दौरान अधिकतर राज्‍य/केंद्र शासित प्रदेश कोविड की दूसरी लहर के कारण पूर्ण अथवा आंशिक लॉकडाउन से जूझ रहे थे।

कोविड संबंधी पाबंदियों में ढील के साथ ही जुलाई और अगस्त 2021 के लिए जीएसटी संग्रह फिर से 1 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।

इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है। आने वाले महीनों में भी जीएसटी राजस्व संग्रह दमदार बने रहने की संभावना है।

जीडीपी पर भी अच्छी खबर

कोरोना वायरस की खतरनाक दूसरी लहर के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी में 20.1 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज सेक्टर का बेहतर प्रदर्शन जीडीपी ग्रोथ का मुख्य कारण है।

Back to top button