
पुलिस स्मृति दिवस: राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि
Union Home Minister Delhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी बाइक रैली को भी झंडा दिखाकर रवाना करेंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री शहीदों को श्रद्धांजलि देने के अतिरिक्त उपस्थित जन समूह को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम हॉट स्प्रिंग्स के शहीदों को समर्पित वेदिका पर माननीय गृह मंत्री की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के साथ संपन्न होगा।
पिछले वर्षों की तरह, इस साल भी पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे देश में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली के ‘राष्ट्रीय पुलिस स्मारक’ में आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त परेड होगी।
परंपरा के अनुरूप, इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें गृह राज्य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि के सांसद, सीएपीएफ व सीपीओ प्रमुख और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त महानिदेशक, पुलिस समुदाय के अधिकारी औप अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
शहीदों की स्मृति में 22 से 30 अक्तूबर के बीच कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें शहीदों के परिजनों को स्मारक पर आमंत्रित करना, पुलिस बैंड डिस्प्ले, बाइक रैली, ‘शहीदों के लिए दौड़’, रक्तदान शिविर, बच्चों के लिए निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ पुलिस बल कर्मियों के बलिदान, शौर्य व सेवा को दर्शाने वाली वीडियो फिल्में दिखाना शामिल हैं। इस अवधि के दौरान सभी पुलिस बलों की ओर से देश भर में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी के घात लगाकर किए हमले में पुलिस के 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। तब से हर साल 21 अक्टूबर पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुलिस कर्मियों की ओर से दिए गए बलिदान और राष्ट्रीय सुरक्षा व एकता बनाए रखने में पुलिस की उत्कृष्ट भूमिका का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस, 2018 के अवसर पर चाणक्यपुरी, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक देश को समर्पित किया था।
गृह मंत्री लगभग 90 राइडर्स की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे, जो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, केंद्रीय सशस्त्र बलों और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों से जुड़े हैं। ये सभी राइडर्स गुजरात के एकता नगर पहुंच कर 31 अक्टूबर को ‘एकता परेड-2026’ में शामिल होंगे।





