
AR Rahman के बेटे का चेन्नई में रोड एक्सीडेंट, खुद चला रहे थे पोर्श कार
चेन्नई में ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के बेटे एआर अमीन की कार का एक्सीडेंट हो गया है।
AR Rahman Son Accident: मशहूर ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के इकलौते बेटे और प्लेबैक सिंगर एआर अमीन (AR Ameen) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। चेन्नई में तड़के सुबह अमीन की लग्जरी पोर्श कार एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अमीन की जान बाल-बाल बच गई और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा चेन्नई के गिंडी (Guindy) इलाके में सुबह तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। एआर अमीन अपनी पोर्श (Porsche) कार खुद चला रहे थे और उनके साथ उनके दोस्त भार्गव भी सवार थे। पुलिस जांच के अनुसार, एक रैपिडो वैगन-आर (Wagon-R) कार साइड रोड से अचानक मुख्य सड़क पर आ गई। इसी दौरान सामने से आ रही अमीन की कार उससे टकरा गई।
इलाज के बाद मिली छुट्टी
घटना के तुरंत बाद अमीन और उनके दोस्त को पास के कौवेरी अस्पताल (Kauvery Hospital) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार और डॉक्टरों की देखरेख के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है और वे सुरक्षित घर लौट चुके हैं।
दूसरी ओर, वैगन-आर कार के ड्राइवर को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए ‘कलैग्नर सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल’ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले भी टल चुका है बड़ा हादसा
यह कोई पहली बार नहीं है जब एआर अमीन किसी हादसे का शिकार होने से बचे हों। इससे पहले साल 2023 में एक गाने की शूटिंग के दौरान सेट पर क्रेन से बंधा भारी झूमर और ट्रस अचानक अमीन के ठीक ऊपर गिर गया था। उस वक्त भी वे चमत्कारिक रूप से बच गए थे।
ये भी पढ़े- 51वें जन्मदिन पर महेश बाबू को मिलेगा खास तोहफा? ‘वाराणसी’ के ऐलान पर टिकी नजरें…
पिता के नक्शेकदम पर हैं अमीन
23 वर्षीय एआर अमीन संगीत की दुनिया में अपने कदम जमा रहे हैं। उन्होंने महज 12 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था और ‘2.0’ तथा ‘दिल बेचारा’ जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी आवाज दे चुके हैं। अमीन के सड़क हादसे की खबर मिलने के बाद उनके फैंस और वेल-विशर्स लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
ये भी पढ़े- Maldives में इस हसीना का दिखा बोल्ड अवतार, जकूजी वाली फोटो ने बढ़ाया पारा





