BJP के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी अस्पताल में भर्ती, सीने में इंफेक्शन की शिकायत

LK Advani Admitted To Hospital: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के संस्थापक सदस्यों में शामिल और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी (Lal Krishna Advani) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, 98 वर्षीय दिग्गज नेता को सीने और फेफड़ों में संक्रमण (Chest Infection) की शिकायत के चलते अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें अस्पताल के पल्मोनरी मेडिसीन (Pulmonary Department) विभाग में भर्ती कराया गया है, जहां फेफड़ों और सांस से जुड़ी समस्याओं के विशेषज्ञ डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। डॉक्टरों की एक समर्पित टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक चिकित्सीय जांच की प्रक्रिया जारी है। अस्पताल प्रशासन और करीबी सूत्रों ने पुष्टि की है कि घबराने की कोई बात नहीं है और उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।

‘भारत रत्न’ से हैं सम्मानित

उल्लेखनीय है कि भारतीय राजनीति के इतिहास में अमिट छाप छोड़ने वाले लालकृष्ण आडवाणी लंबे समय से अपनी उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते चिकित्सकीय निगरानी में रहते आए हैं। इससे पहले इसी साल मई के महीने में भी उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच और उम्र संबंधी दिक्कतों के चलते अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कुछ दिन इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था।

देश के सार्वजनिक जीवन में उनके अतुलनीय योगदान और राजनीतिक सफर को देखते हुए वर्ष 2024 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न‘ से अलंकृत किया गया था। कुछ ही दिन पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी और उनका कुशलक्षेम जाना था। देश भर के राजनीतिक दिग्गजों और उनके समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

ये भी पढ़े-Elon Musk पर भड़के ओवैसी! बोले- ‘मोदी का विरोध अलग, भारत के फैसले कोई विदेशी नहीं करेगा तय’

Back to top button