काकोरी में 18 लाख की बड़ी चोरी… नकदी-जेवरात के साथ CCTV का DVR भी ले उड़े चोर

Lucknow News: राजधानी के काकोरी कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 18 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। घटना पान खेड़ा, मोहन रोड स्थित घुरघुरी तालाब चौकी क्षेत्र की है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक धनंजय सिंह मूल रूप से फतेहपुर जिले के असोथर क्षेत्र के रहने वाले हैं और लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। किसी जरूरी कार्य से वे फतेहपुर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

नकदी और जेवरात पर हाथ साफ
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे 2 लाख रुपये नकद और लगभग 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। अलमारियों और कमरों को खंगालने के बाद चोर आराम से फरार हो गए। चोरी की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले लिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके।

पुलिस जांच में जुटी, सुराग नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

यह भी पढ़ें…

देशभर में महकेगा पीलीभीत का बासमती… सीड प्रोसेसिंग सेंटर को मिली मंजूरी

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि काकोरी के अलावा दुबग्गा और पारा इलाकों में भी हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। नागरिकों का आरोप है कि रात की पुलिस गश्त नाम मात्र की है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि बंद मकानों और बाहरी लोगों की आवाजाही पर पुलिस की नजर नहीं रहती।

यह भी पढ़ें…

अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे, CM Yogi बोलें- उनकी कविताएं आज भी देती हैं प्रेरणा

क्षेत्रवासियों की मांग
घटना से नाराज स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से

रात की गश्त बढ़ाने

संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने

चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने

संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग कराने
की मांग की है।

ठंड बढ़ने और त्योहारी मौसम को देखते हुए लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले के खुलासे का दावा कर रही है, लेकिन लोगों की नजरें जल्द कार्रवाई पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें…

यूपी में TET की एग्जाम पर लटकी तलवार; टेंशन में हैं 15 लाख अभ्यर्थी?

Back to top button