
Stree 2 Box Office: बॉक्स ऑफिस पर ‘सरकटे का आतंक’, ओपनिंग डे पर मालामाल हुए मेकर्स
Stree 2 Box Office Collection: स्वतंत्रता दिवस पर राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म स्त्री 2 सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर स्त्री 2 ने धमाकेदार एंट्री मारी है। आइए जानते हैं कि इस मूवी ने ओपनिंग डे पर कितने का कारोबार किया है।
अमर कौशिक के निर्देशन में बनी साल की सबसे चर्चित सीक्वल, ‘स्त्री 2’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है और अबदर्शकों से इस फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके साथ 2 अन्य बड़े स्टार्स की फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन इसके बाद भी बॉक्स ऑफिस पर स्त्री 2 की ही धूम देखने को मिली। 14 अगस्त की रात स्त्री 2 ने सिनेमाघरों में दस्तक दी और फिर 15 को अक्षय कुमार की ‘खेल-खेल में’ और जॉन अब्राहम की ‘वेदा’ भी रिलीज हुईं। लेकिन, कमाई के मामले में दोनों ही फिल्में स्त्री 2 को टक्कर नहीं दे पाईं।
कितना रहा स्त्री 2 का पहले दिन का कलेक्शन
फिल्म की कमाई के पहले दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिससे पता चलता है कि ये अकेले ही कई फिल्मों पर भारी पड़ रही है। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर स्टारर स्त्री 2 ने भारत में पहले दिन 54.35 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई के साथ 2024 के लिए एक नया बेंचमार्क सेट कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज हुई यह फिल्म न केवल उम्मीदों से बढ़कर रही है बल्कि साल की सबसे बड़ी ओपनर बनकर भी उभरी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बॉलीवुड की 10 टॉप फिल्म की लिस्ट में ‘स्त्री 2’ 7वें स्थान पर मानी जा रही है। ‘स्त्री 2’ ने कमाई के मामले में सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ और ‘भारत’ के अलावा शाहरुख खान की फिल्म ‘हैप्पी न्यू ईयर’ को पीछे छोड़ दिया है। अगर फिल्म का पेड प्रीव्यू को भी शामिल किया जाए तो ‘स्त्री 2’ ने भारत में 55 करोड़ की कमाई की है। बहरहाल, आज के अलावा फिर से दो दिनों का वीकेंड पड़ रहा है। ऐसे में शनिवार और रविवार को फिल्म ‘स्त्री 2’ की कमाई में और भी इजाफा हो सकता है।





