Stock Market: गिरावट पर लगा ब्रेक, शेयर बाजार में आज छाई हरियाली

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को तेजी के साथ शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स हरे निशान पर खुले। सेंसेक्स 207.31 अंक या 0.27% बढ़कर 76,777.66 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 54 अंक या 0.23% बढ़कर 23,968.45 पर पहुंच गया।

शुरुआती बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में अडानी पोर्ट्स में 1.30% की वृद्धि हुई, जबकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और एक्सिस बैंक में 1.03% की बढ़त देखी गई।

बता दें कि बीते तीन कारोबारी दिनों में दोनों इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी करीब 1-1 फीसदी तक टूट चुके हैं।

बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में उछाल

आज के कारोबार में बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर्स में तेजी देखनो को मिली. निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। हालांकि, दूसरी तरफ आईटी और एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर्स के शेयरों में मामूली गिरावट रही।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 166 अंक या 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63,165 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 168 अंक या 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,981 पर था।

इन शेयरों ने कराई तगड़ी कमाई

टॉप गेनर्स और लूजर्स की बात करें तो सेंसेक्स पर लिस्टेड शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इटरनल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक और ट्रेंट गेनर्स में शामिल रहे। जबकि  टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंडिगो, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, टाइटन, आईटीसी, एचयूएल और एशियन पेंट्स लूजर्स थे।

शेयर बाजार में तेजी की बड़ी वजहें

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में आई हल्की कमी से निवेशकों का मूड सुधरा है। अमेरिका और एशिया के बाजारों में तेजी रही, जिससे भारतीय निवेशकों का भरोसा बढ़ा। ट्रंप के बयान के बाद कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें भी नीचे आई हैं, जिससे बाजार को बड़ी राहत मिली है।

FCNR(B) स्कीम के जरिए बैंकों के पास भारी विदेशी फंड आया है, जिससे भारतीय रुपये को मजबूती मिली है और विदेशी निवेशकों (FIIs) का भरोसा बढ़ा है। इसका सीधा फायदा बैंकिंग शेयरों को मिल रहा है। इसके अलावा अमेरिका और जापान की बॉन्ड यील्ड में नरमी, येन की मजबूती और डॉलर में हल्की कमजोरी से भी बाजार पर दबाव कम हुआ है।

Back to top button