
Stock Market: शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स-निफ्टी ने भरी उड़ान
Stock Market Today: शेयर बाजार में आज भी हरियाली छाई है. सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों ही बढ़त के साथ खुले हैं. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 275 अंक उछलकर 77931 पर पहुंच गया. निफ्टी भी हल्की बढ़त के साथ 24346 पर कारोबार कर रहा था. भारतीय बाजार मंगलवार को भी बढ़त के साथ बंद हुए थे.
बाजार में शुरुआती बढ़त के बावजूद सभी शेयरों में खरीदारी नहीं दिखी। निफ्टी के 50 शेयरों में 22 बढ़त में थे, जबकि 27 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। एक शेयर में कोई बदलाव नहीं था।
सेंसेक्स चढ़ा, निफ्टी सपाट
बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद 77,656.09 के मुकाबले बुधवार को 77,892.10 पर खुला। सुबह करीब 9:15 बजे सेंसेक्स 240.19 अंक यानी 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 77,896.28 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में यह 77,929.64 के ऊपरी स्तर तक पहुंचा।
वहीं निफ्टी 50 पिछले बंद 24,334.55 के मुकाबले 24,341.95 पर खुला। सुबह करीब 9:16 बजे यह 2 अंक यानी 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 24,336.55 पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान निफ्टी 24,357.05 के ऊपरी और 24,329.05 के निचले स्तर तक गया।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में एटरनल सबसे ज्यादा करीब 1.95 फीसदी चढ़ा। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट 1.16 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व करीब 1.05 फीसदी, टेक महिंद्रा 0.99 फीसदी और अदाणी पोर्ट्स करीब 0.98 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी तरफ टाटा स्टील सबसे ज्यादा करीब 0.97 फीसदी गिरा। इसके अलावा इन्फोसिस 0.45 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.31 फीसदी, सन फार्मा 0.28 फीसदी और भारती एयरटेल करीब 0.23 फीसदी नीचे कारोबार कर रहे थे।
आईटी-ऑटो में गिरावट
अलग-अलग सेक्टर की बात करें तो बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी बैंक करीब 0.59 फीसदी और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.53 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहे थे। इसके उलट आईटी, एफएमसीजी और ऑटो शेयरों में हल्की गिरावट रही। निफ्टी आईटी 0.27 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी 0.13 फीसदी और निफ्टी ऑटो 0.12 फीसदी नीचे था। छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त रही। निफ्टी स्मॉलकैप 100 करीब 0.45 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 100 0.19 फीसदी चढ़ा।
कच्चे तेल में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार दबाव बना हुआ है। ईरान और ओमान के बीच स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से शिपिंग दोबारा शुरू करने को लेकर एक अंतरिम व्यवस्था पर चर्चा की खबर से बाजार को राहत मिली है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया के प्रमुख तेल परिवहन मार्गों में से एक है, इसलिए यहां से शिपिंग सामान्य होने की संभावना से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।Intercontinental Exchange पर सितंबर डिलीवरी वाले क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 0.35 फीसदी गिरकर 85.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए।
सोना-चांदी में तेजी
कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। गोल्ड फ्यूचर्स 0.46 फीसदी और सिल्वर फ्यूचर्स 1.13 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।





