
Stock Market: शेयर बाजार में जबदस्त तेजी, सेंसेक्स 75000 के पार
Stock Market Today: शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स (Bse Sensex) और एनएससी निफ्टी (Nse Nifty) हरे निशान पर खुले।
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज 21 मई को पॉजिटिव ओपनिंग देखने को मिली है. ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत की उम्मीदों से बाजार झूम उठा. बाजार खुलते ही बीएसई (BSE) सेंसेक्स 500 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ 75,890 के स्तर को पार कर गया, जबकि निफ्टी 50 भी 190 अंक से अधिक की बढ़त लेकर 23,850 के पार निकल गया .
वहीं, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 627 अंक चढ़कर 75,945 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 200 अंकों की तेजी के साथ 23,859 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. बाजार में निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आया.
आज बाजार में तेजी के कारण
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से अमेरिका-ईरान शांति वार्ता अंतिम चरण में होने के बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतें वैश्विक बाजारों में 5 परसेंट तक गिरकर 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जिससे निवेशकों ने राहत की सांस ली है.
इसके अलावा, आज सुबह से ही एशियाई बाजारों में भी गजब की तेजी देखने को मिल रही है. दक्षिण कोरिया के कोस्पी के साथ जापान का निक्केई, सभी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.
एशियाई बाजार
गुरुवार को सभी एशियाई बाजारों में तेजी देखी जा रही है. ट्रंप के इस बयान के बाद बाजार में जबरदस्त उत्साह है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अंतिम चरण मे है. इस खबर से होर्मुज (Strait of Hormuz) पर विवाद के सुलझने की उम्मीदों से निवेशकों ने राहत की सांस ली है. इसी क्रम में जापान का निक्केई इंडेक्स 1% से ज्यादा उछला. ऑस्ट्रेलिया के S&P/ASX 200 ने भी शुरुआती कारोबार में 1% से ज्यादा की बढ़त हासिल की.
अमेरिकी बाजार
20 मई को वॉल स्ट्रीट भी बढ़त के साथ बंद हुआ. डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 645 अंक या 1.31% उछलकर 50,009.35 पर बंद हुआ. S&P 500 1.08% बढ़कर 7432.97 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 1.54% चढ़कर 26270.36 पर क्लोज हुआ.
क्रूड ऑयल
आज शुरुआती कारोबार में तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली. कल ट्रंप के ईरान के साथ शांति समझौते वाले बयान के बाद तेल की कीमतों में 5.6 परसेंट की बड़ी गिरावट आई थी, लेकिन आज सुबह बाजार खुलते ही सप्लाई रुकने की चिंताओं के कारण दाम फिर से चढ़ गउए. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 0.78% बढ़कर 99.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड में 0.73% का उछाल आया.





