
Stock Market: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स-निफ्टी भी आगे; IT स्टॉक्स भर रहे उड़ान
Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत ग्रीन जोन पर हुई. वैश्विक बाजार में तेजी के बीच निवेशकों में उत्साह है. इसके पीछे अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की खबरें हैं।
Stock Market Today: शेयर मार्केट की शुरुआत आज थोड़ी सुस्त रही। निफ्टी 23902 पर खुला, जबकि सेंसेक्स 75,988 के लेवल पर। बहुत जल्द बाजार ने रफ्तार पकड़ ली और सेंसेक्स 76000 के पार पहुंच गया। निफ्टी ने भी 24000 के पार पहुंचने में कामयाबी हासिल की। फिलहाल सेंसेक्स 207 अंकों की बढ़त के साथ 76075 पर है।
बीएसई (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स करीब 158.40 अंकों की मजबूती के साथ 76,026.20 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 50.20 अंक की बढ़त के साथ 23,957.35 के स्तर पर टिका हुआ है।
एशियाई बाजारों में जोरदार तेजी
अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीदों के बीच एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखी गई। जापान का निक्केई 225 करीब 0.88% चढ़ गया। वहीं, टॉपिक्स इंडेक्स 0.53% मजबूत हुआ और दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 2.68% की बंपर उछाल देखने को मिली। कोस्डैक में भी 0.25% की बढ़त दर्ज की गई।
गिफ्ट निफ्टी ने दिए कमजोरी के संकेत
हालांकि, ग्लोबल मार्केट में तेजी के बावजूद गिफ्ट निफ्टी 23,881 के आसपास कारोबार करता दिखा, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से करीब 116 अंक नीचे था। इससे भारतीय बाजार में गैप-डाउन शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।
आईटी सेक्टर्स में रौनक
आज बाजार के एडवांस-डिक्लाइन रेशियो पर नजर डालें, तो बढ़त बनाने वाले शेयरों की संख्या काफी ज्यादा है। शुरुआती ट्रेड में करीब 1,483 शेयरों में तेजी का रुख है, जबकि 1,107 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। इसके अलावा 212 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ है। निफ्टी पर आज सबसे ज्यादा हलचल आईटी (IT) दिग्गज और हैवीवेट शेयरों में देखने को मिल रही है।
प्रमुख रूप से लाभ कमाने वाले टॉप शेयरों की बात करें तो इनमें विप्रो, इंफोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। दूसरी तरफ, बाजार की इस तेजी के बीच कुछ बड़े शेयरों पर मुनाफावसूली का दबाव भी है। आज के प्रमुख टूटने वाले शेयरों (Losers) में बजाज ऑटो, ओएनजीसी (ONGC), अडानी पोर्ट्स, कोल इंडिया और एटरनल शामिल हैं।





