
Stock Market: खुलते ही सरपट भागा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार तेजी
Stock Market Updates: आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हुई. ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मजबूत संकेतों के बीच सेंसेक्स-निफ्टी दोनों उछले.
Stock Market Opening Update: भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का दिन शानदार रहा. अच्छे ग्लोबल संकेतों और खाड़ी देशों से तनाव कम होने की खबरों के बीच बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty बढ़त के साथ खुले. बाजार खुलते ही सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 50 ने 200 अंकों की मजबूत बढ़त दर्ज की.
वहीं, सुबह 9:23 बजे बीएसई सेंसेक्स 77,497.32 के स्तर पर (0.62% ऊपर) कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 50 24,191.45 के स्तर पर (0.66% ऊपर) बना हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयानों ने निवेशकों के सेंटिमेंट को मजबूत किया है, जिससे बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी जा रही है.
एशियाई बाजार
बुधवार सुबह एशियाई सूचकांकों में तेजी के साथ शुरुआत हुई। तेल की कीमतों में गिरावट और मजबूत वित्तीय नतीजों से निवेशकों का मनोबल बढ़ने के बाद वॉल स्ट्रीट में भी रात भर में तेजी देखी गई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.50% बढ़कर नए शिखर पर पहुंच गया, जिससे इस साल अब तक की इसकी 70% से अधिक की बढ़त और मजबूत हुई। स्मॉल-कैप कोस्डैक में 0.15% की गिरावट आई। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 25,860 पर था, जबकि पिछले दिन यह 25,898.61 पर बंद हुआ था। जापान का शेयर बाजार छुट्टी के कारण बंद है।
ईरान समझौते की नई उम्मीदें जगीं
ईरान के साथ समझौता होने के बाद अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते वाणिज्यिक जहाजरानी सेवा बहाल करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को रोक देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी जारी रहेगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ “पूर्ण और अंतिम समझौते” की दिशा में “काफी प्रगति” हुई है।
कच्चा तेल
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड वायदा 1.20 परसेंट गिरकर 101.05 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. ब्रेंट क्रूड वायदा आज सुबह 1.13 परसेंट की गिरावट के साथ 108.69 पर कारोबार करता दिखा. वहीं, COMEX पर भी कच्चे तेल की कीमतें 1.15 परसेंट गिरकर 101.09 प्रति बैरल पर आ गईं.
बिकवाली का डेटा
NSE पर उपलब्ध शुरुआती डेटा के अनुसार, मंगलवार 05 मई, 2026 को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 3,519.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,756.56 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को सहारा देने का काम किया.





