
महंगाई का झटका…, लखनऊ और आगरा समेत UP के कई जिलों में महंगी हुई CNG
उत्तर प्रदेश में सीएनजी के दामों में फिर बढ़ोतरी हुई है। ग्रीन गैस ने लखनऊ और आगरा में ₹3 प्रति किलो तक रेट बढ़ाए हैं।
UP CNG Price Hike: उत्तर प्रदेश में सीएनजी (CNG) से चलने वाले वाहनों के स्वामियों और आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। ग्रीन गैस लिमिटेड (Green Gas Limited) ने राजधानी लखनऊ और ताजनगरी आगरा समेत प्रदेश के कई जिलों में सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी कर दी है।
ग्रीन गैस द्वारा बढ़ाए गए नए रेट लागू कर दिए गए हैं। पिछले चार महीनों में ही सीएनजी की कीमतों में ₹8 से अधिक का इजाफा देखने को मिला है, जिससे आम उपभोक्ताओं के बजट पर सीधा असर पड़ा है।
आपके शहर में CNG का नया भाव?
ग्रीन गैस के महाप्रबंधक प्रवीण सिंह के अनुसार, विभिन्न जिलों में सीएनजी के नए रेट इस प्रकार हैं. सीएनजी के दाम ₹102 से बढ़कर अब ₹105 प्रति किलो हो गए हैं।अयोध्या, उन्नाव और सुल्तानपुर में सीएनजी के दाम में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद नया रेट ₹101.75 प्रति किलो हो गया है।
आगरा में दो अलग-अलग कंपनियां सीएनजी आपूर्ति करती हैं। जहां ग्रीन गैस लिमिटेड का नेटवर्क है वहां रेट ₹105 प्रति किलो है, जबकि गेल गैस (GAIL Gas) नेटवर्क वाले क्षेत्रों में सीएनजी ₹99 प्रति किलो बिक रही है।
4 महीने में फिर चढ़े दाम
मई से अगस्त के बीच सीएनजी की दरों में लगातार बढ़ोतरी का दौर जारी है। आंकड़ों के मुताबिक, महज चार महीनों में सीएनजी लगभग ₹8.25 प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है।
अगर बात बीते कुछ सालों की करें, तो 2021 (कोरोना काल की दूसरी लहर) के दौरान सीएनजी करीब ₹60.95 प्रति किलो थी, जो अब बढ़ते-बढ़ते ₹105 के स्तर पर पहुंच गई है।
आम जनता पर बढ़ेगा बोझ
सीएनजी की कीमतों में इस वृद्धि का सबसे बड़ा असर ऑटो, कैब और कमर्शियल वाहन चालकों पर पड़ेगा। परिवहन लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सी के किरायों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जिससे आम यात्रियों जेब और ढीली होगी।
ये भी पढ़े- ‘बच्चों को कम उम्र में मोबाइल दे दिया…’, CM योगी ने पेरेंट्स को क्यों चेताया?





