कोरोना: ओमिक्रॉन ने बढ़ाई संक्रमण की रफ्तार, दैनिक मामलों में 4000 का उछाल

corona omicron

नई दिल्ली। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने देश में संक्रमण की रफ्तार बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन दो महानगरों में एक ही दिन में केस दोगुने हो गए। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार को कोरोना विस्फोट हो गया। यहां एक दिन में 2510 नए मामले आने से लोगों के साथ-साथ सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है।

राजधानी दिल्ली में भी स्थिति गंभीर है। यहां एक दिन में 923 मामले आने से तीसरी लहर की आशंका बढ़ गई है। यहां संक्रमण दर भी 1.29 फीसदी दर्ज किया गया। पंजाब में भी ओमिक्रॉन वैरिएंट ने अपनी दस्तक दे दी है।

दैनिक मामलों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटो में 13,154 नए मामले दर्ज किए गए हैं जो कि कल की तुलना में लगभग 4000 अधिक है। इस दौरान 268 लोगों की मौत दर्ज की गई है। बुधवार को कोरोना के 9,195 मामले सामने आए थे।

ओमिक्रॉन के सबसे अधिक 252 मामले महाराष्ट्र में हैं, जबकि 238 मामलों के साथ राजधानी दिल्ली दूसरे स्थान पर है।

गुजरात 97 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। अन्य राज्यों की बात करें तो राजस्थान में 69, तेलंगाना में 62, तमिलनाडु में 45 मामले हैं।

सात राज्यों में नाइट-कर्फ्यू

कोरोना और ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, दिल्ली, उप्र, कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात और मप्र ने रात का कर्फ्यू लगा दिया है और कोविड प्रोटोकॉल के नए दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है।

Back to top button