कानपुर में पति की क्रूरता… तवा और बेलन से पत्नी की हत्या, पहले भी की थी कोशिश

UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां संजय कुमार नामक पति ने अपनी पत्नी रोशनी देवी को तवा और बेलन से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना कानपुर गुजैनी एफ ब्लॉक में हुई। हैरानी की बात यह है कि संजय ने एक महीने पहले भी रोशनी को जिंदा जलाने की कोशिश की थी, जिसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

हालांकि, बाद में महिला और आरोपी के बीच समझौता हो गया और रोशनी फिर से अपने पति के साथ रहने को तैयार हो गई। दोबारा साथ रहते हुए अभी केवल एक महीने ही हुए थे कि संजय ने यह खौफनाक घटना अंजाम दिया।

घटना का खुलासा
घटना का पता तब चला जब रोशनी का भाई राहुल अपनी बहन से मिलने घर पहुंचे। मुख्य दरवाजे पर ताला और बहन का फोन लगातार स्विच ऑफ होने पर राहुल ने पुलिस को सूचना दी। गोविंद नगर पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पहली मंजिल के कमरे में महिला का लहूलुहान शव पड़ा था। पास ही खून से सने तवा और बेलन मिले, जिनका इस्तेमाल हत्या के लिए किया गया।

राहुल ने बताया कि रोशनी और संजय की शादी 18 दिसंबर 2024 को हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था।

एक महीने पहले भी की थी कोशिश
पुलिस ने बताया कि 21 नवंबर को संजय ने रोशनी को जलाने की कोशिश की थी। इसके बाद महिला ने पति और सास इंदिरा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उस समय संजय फरार हो गया था और रोशनी अपने भाई के साथ रह रही थी। लेकिन मंगलवार को संजय अचानक वापस आया और माफी मांगते हुए पत्नी के साथ रहने की बात कही।

यह भी पढ़ें…

Varanasi में शराब विवाद में युवक की चाकूबाजी से मौत, जांच में जुटी पुलिस

आरोपी का संदिग्ध इतिहास
पुलिस के अनुसार यह संजय की दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। संजय की पहली शादी से उसकी एक 12 वर्षीय बेटी भी है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें…

शीतलहर में यूपी सरकार का राहत अभियान तेज, जानिए क्या-क्या किए इंतजाम

पुलिस की कार्रवाई
मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आसपास के सभी लोगों से पूछताछ कर रही है।

यह घटना घरेलू हिंसा के मामलों में सुरक्षा और कानून की कमियों को उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस, प्रशासन और समाज को सतर्क और संवेदनशील रहना होगा।

यह भी पढ़ें…

बृजभूषण शरण सिंह ने सेंगर को लेकर किया खुलासा, कहा- उनके खिलाफ साजिश हुई

Back to top button