
दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, स्लीपर बस के अंदर 47KM तक हैवानियत
Delhi Gangrape: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चलती स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ ड्राइवर और कंडक्टर द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) का मामला सामने आया है। पीड़िता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर वर्ष 2012 के भयावह निर्भया कांड की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं।
परी चौक से कश्मीरी गेट के 47 किलोमीटर की दूरी के दौरान दो आरोपियों ने छात्रा के साथ हैवानियत की। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
सफर के दौरान दरिंदों ने बनाया शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता दूसरे राज्य से दिल्ली आ रही प्राइवेट स्लीपर बस में सवार थी। आरोप है कि रास्ते में मौका पाकर बस के चालक (Driver) और परिचालक (Conductor) ने नाबालिग को अपनी हैवानियत का शिकार बनाया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट की गई और उसके साथ अमानवीय बर्बरता की गई। दिल्ली पहुंचने पर पीड़िता को गंभीर और बदहवास हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पीड़िता को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पीड़िता की हालत को देखते हुए उसकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित धाराओं (POCSO एक्ट और BNS की सुसंगत धाराओं) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
बस पार्किंग से आरोपी हुए गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी कानपुर के रहने वाले हैं। घटना भी नोएडा सेक्टर 63 के आसपास हुई है। पीड़िता के बयान के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी उसे अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) पर छोड़कर चले गए थे। पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया गया है. घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।





