Delhi के रेस्टोरेंट में लगी आग, जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदे लोग

Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले से आगजनी की एक बड़ी खबर सामने आई है। मौजपुर इलाके में स्थित प्रसिद्ध ‘उधम’ रेस्टोरेंट (Udham Restaurant) के किचन (रसोई घर) में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। धुएं का गुबार और आग की लपटें उठते ही रेस्टोरेंट के अंदर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग (Delhi Fire Service) की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

चिमनी के पाइप में लगी आग

दिल्ली फायर सर्विस से मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की कॉल दोपहर में प्राप्त हुई थी, जिसके तुरंत बाद दमकल की दो से तीन गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग रेस्टोरेंट की रसोई में लगी चिमनी और उसके एग्जॉस्ट पाइप में जमे तेल व ग्रीस की वजह से भड़की थी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे किचन में धुआं भर गया। आग लगते ही रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

आग पर पाया गया काबू

दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग की लपटों पर काबू पा लिया और उसे रेस्टोरेंट के अन्य हिस्सों या आसपास की दुकानों में फैलने से रोक दिया। पुलिस और दमकल अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय रेस्टोरेंट में लोग मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया था।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि रेस्टोरेंट में अग्निशमन (Fire Safety) के नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था या नहीं।

Back to top button