
संत देवराहा बाबा की जीवन पर बनेगी फिल्म, कई रहस्यों का होगा पर्दाफाश
Devraha Baba Movie: उत्तर प्रदेश और देश भर में अपने चमत्कारों और योग साधना के लिए अमर माने जाने वाले महान संत देवराहा बाबा (Devraha Baba) के जीवन और उनके रहस्यों को अब बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। चर्चित नाटककार, लेखक और निर्देशक मुकेश वर्मा संत देवराहा बाबा के जीवन पर आधारित एक रोमांचक और आध्यात्मिक फिल्म बनाने जा रहे हैं।
इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का नाम ‘देवराहा बाबा -THE UNSOLVED CODE’ रखा गया है। फिल्म की पटकथा लिखने के साथ-साथ निर्देशन की कमान भी मुकेश वर्मा खुद संभालेंगे।
अध्यात्म, रहस्य और एक खोजी पत्रकार की कहानी
इस फिल्म के जरिए दर्शकों को देवराहा बाबा के अलौकिक व्यक्तित्व, उनके जीवन से जुड़ी अनकही कहानियों और उन मान्यताओं से रूबरू कराया जाएगा, जिन्हें जानने के लिए आज भी लोग उत्सुक रहते हैं। फिल्म की कहानी केवल एक संत की जीवनी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें अध्यात्म के साथ-साथ रहस्य, इतिहास और एक खोजी पत्रकार की रोमांचक यात्रा को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
फिल्म की कहानी एक ऐसे जिज्ञासु पत्रकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देवराहा बाबा से जुड़ी घटनाओं और सत्यों की तह तक जाना चाहता है। वह अलग-अलग लोगों से मिलता है, पुराने प्रसंगों को टटोलता है और बाबा के जीवन से जुड़े अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशता है। जैसे-जैसे उसकी यह खोज आगे बढ़ती है, उसके सामने ऐसे कई सवाल खड़े होते हैं जो उसे अपनी सोच और नजरिए पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर देते हैं।
आस्था, विज्ञान और तर्क की होगी पड़ताल
फिल्म के माध्यम से यह दर्शाने का प्रयास किया जाएगा कि आस्था, विज्ञान और तार्किकता के बीच क्या बारीक संबंध है। क्या दुनिया के हर रहस्य का कोई तार्किक जवाब मिल सकता है? या फिर कुछ अनुभव ऐसे भी होते हैं जिन्हें समझने के लिए हमें अपनी बौद्धिक सीमाओं से आगे सोचना पड़ता है? फिल्म की पूरी कहानी इन्हीं दार्शनिक और रोमांचक सवालों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
देवराहा बाबा को लेकर देश-दुनिया में कई प्रकार की लोक-मान्यताएं और जनश्रुतियां प्रचलित रही हैं। निर्देशक मुकेश वर्मा इन ऐतिहासिक संदर्भों और लोगों के व्यक्तिगत अनुभवों को बेहद करीने से फिल्मी पर्दे पर उतारने की योजना पर काम कर रहे हैं।
कलाकारों के लिए होगा नया मौका
रंगमंच और साहित्य के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय मुकेश वर्मा इससे पहले हिंदी फिल्म ‘मल्लाह’ का लेखन और निर्देशन कर चुके हैं। अब इस अनोखे विषय पर फिल्म बनाकर वे एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में अनुभवी रंगकर्मियों के साथ-साथ नए और प्रतिभावान कलाकारों को भी जोड़ने की तैयारी है, जिससे अभिनय के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को अपनी कला दिखाने का बेहतरीन अवसर मिल सकेगा।
फिलहाल फिल्म की शूटिंग शुरू होने की तारीख, मुख्य कलाकारों के नामों और रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन इसकी घोषणा जल्द ही किए जाने की उम्मीद है।





