जमीन विवाद में हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह की हत्या, लखनऊ में मिला शव

सुशांत गोल्फ सिटी से तीन दिन पहले हुए थे लापता, दुबग्गा क्षेत्र में नहर किनारे मिला शव

UP News : लखनऊ। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह का शव तीन दिन बाद लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में मिलने से सनसनी फैल गई। उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के राजेपुर निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से लापता हुए थे।

पुलिस को उनका शव दुबग्गा के सराय प्रेमराज गांव के पास किसान पथ के निकट नहर किनारे मिला। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या के बाद शव को दुबग्गा क्षेत्र में लाकर फेंका गया।

फॉर्च्यूनर में गोली मारने की आशंका:

जानकारी के अनुसार, धीरेन्द्र प्रताप सिंह को फॉर्च्यूनर वाहन के अंदर गोली मारे जाने की आशंका है। हत्या के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को संभावित कारण माना जा रहा है।

ड्राइवर पर भी शक:

मामले में धीरेन्द्र प्रताप सिंह के ड्राइवर की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। आशंका है कि जमीन विवाद के चलते विरोधियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया हो। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही हत्या के सही कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

दो गनर थे तैनात, दोनों मौके पर नहीं थे:

धीरेन्द्र प्रताप सिंह के साथ सुरक्षा के लिए दो गनर तैनात बताए जा रहे हैं। घटना के समय एक गनर की तबीयत खराब थी, जबकि दूसरा अवकाश पर था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को खंगाल रही है।

 

Back to top button