
King: ‘कातिल नहीं, आशिक हूं…’, शाहरुख खान की फिल्म का नया पोस्टर रिलीज
Shah Rukh Khan King Poster: साल 2023 में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी बैक-टू-बैक ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के बाद बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। किंग खान की बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘किंग’ (King) का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है।
इसके साथ ही मेकर्स ने फैंस की बेताबी को खत्म करते हुए फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है।
पोस्टर में दिखा इंटेंस एक्शन
मंगलवार को मेकर्स और खुद शाहरुख खान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ‘किंग’ का नया पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में शाहरुख खान का एकदम अलग और खतरनाक अवतार देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां पोस्टर में आग और धुएं के बीच से होकर गुजरते शाहरुख के हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है, वहीं दूसरी तरफ उनके मुंह में एक गुलाब का फूल दबा हुआ है।
View this post on Instagram
शाहरुख खान ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए एक दिलचस्प टैगलाइन लिखी- “आज फिर याद आया… कातिल नहीं… आशिक हूं… #KING In cinemas 24.12.26″। पोस्टर में एक्शन और रोमांस के इस कॉम्बिनेशन ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है।
बेटी के साथ शेयर करेंगे स्क्रीन
फिल्म ‘किंग’ इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इस फिल्म के जरिए शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान (Suhana Khan) के साथ बड़े पर्दे पर स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन ‘पठान’ फेम डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद (Siddharth Anand) कर रहे हैं। स्टार कास्ट की बात करें तो फिल्म में सुहाना खान के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
ये भी पढ़े-‘सैयारा’ के बाद फिर इश्क में ‘बेपरवाह’ हुए अहान पांडे… गिटार नहीं गन मचाएगी तबाही
इस दिन सिनेमाघरों में टकराएगी ‘किंग’
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह मेगा-बजट फिल्म 24 दिसंबर 2026 (क्रिसमस वीक) को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। साल 2026 के अंत में रिलीज हो रही इस फिल्म को लेकर ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है और साल 2027 की शुरुआत में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
ये भी पढ़े-रश्मिका के बचाव में आए पति विजय, रोमांटिक पोस्ट से ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब…





