Udta Teer: गुलाबी शहर में छाया ‘उड़ता तीर’ का खुमार; आयुष्मान संग जमकर थिरकीं सारा

Udta Teer Trailer: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और खूबसूरत अदाकारा सारा अली खान (Sara Ali Khan) इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ (Udta Teer) के प्रमोशन में काफी व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने गुलाबी शहर की रंगीन संस्कृति के बीच अपनी फिल्म का प्रचार किया।

इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें दोनों सितारे राजस्थानी लोक कलाकारों के साथ कालबेलिया नृत्य की धुन पर जमकर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं।

राजस्थानी रंग में रंगे नजर आए सितारे

जयपुर के पारंपरिक माहौल में पहुंचे आयुष्मान और सारा ने यहां की लोक संस्कृति का भरपूर आनंद लिया। चोखी ढाणी में आयोजित प्रमोशन इवेंट के दौरान दोनों कलाकारों ने न केवल पारंपरिक कठपुतली नृत्य का लुत्फ उठाया, बल्कि वहां मौजूद स्थानीय कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर कालबेलिया डांस भी किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दोनों की केमिस्ट्री और मस्ती फैंस को बेहद पसंद आ रही है।

पारंपरिक लुक की बात करें तो इस दौरान सारा अली खान फिरोजी रंग की खूबसूरत लहरिया साड़ी और मैचिंग हॉल्टर-नेक ब्लाउज में बेहद गॉर्जियस लग रही थीं। माथे पर छोटी सी काली बिंदी और सनग्लासेस के साथ उन्होंने अपने इस देसी लुक को स्टाइलिश टच दिया। वहीं, आयुष्मान खुराना व्हाइट टी-शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में हमेशा की तरह कूल और सिंपल अंदाज में नजर आए। प्रमोशन के दौरान दोनों ने तीरंदाजी और अन्य पारंपरिक खेलों में भी हाथ आजमाया।

इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी फिल्म ‘उड़ता तीर’ एक बेहतरीन स्पाई-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें दर्शकों को हंसी, एक्शन और रोमांच का भरपूर डोज मिलने वाला है। फिल्म में आयुष्मान खुराना एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट की भूमिका में हैं, जो एक घटना के बाद अपनी याददाश्त खो बैठता है।

धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म आगामी 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Back to top button