सेहतमंद बने रहने के लिए हफ्ते में एक दिन एक्सरसाइज से जरूर लें ब्रेक

नई दिल्ली। व्यायाम सेहत को ठीक रखता है ये तो हम सभी जानते हैं लेकिन क्या जिम में रोज-रोज पसीना बहाने से नुकसान भी हो सकता है? तो इसका जवाब है हाँ।

शोधकर्ताओं ने दो हजार लोगों पर अध्ययन के बाद हफ्ते में कम से कम एक दिन एक्सरसाइज से ब्रेक जरूर लेने की सलाह दी है।

ऊतकों को मरम्मत का समय मिलेगा

शोध के मुताबिक कसरत के दौरान हड्डियों और मांसपेशियों पर काफी दबाव पड़ता है। इससे ऊतकों के टूटने और फटने का खतरा रहता है।

व्यक्ति अगर हफ्ते में एक दिन का ब्रेक ले तो ऊतकों को आराम तो मिलता ही है, साथ ही शरीर भी उनकी मरम्मत के लिए समय निकाल पाता है।

मांसपेशियों में चोट की आशंका घटेगी

एक्सरसाइज रूटीन में ब्रेक नहीं शामिल करने पर शरीर के बुरी तरह से थक जाने की आशंका बनी रहती है। इससे व्यक्ति मांसपेशियों में खिंचाव और जोड़ों में दर्द की समस्या से जूझने लगता है।

दिमाग को भी चाहिए आराम

एक्सरसाइज करते समय शरीर में स्ट्रेस हार्मोन ‘कॉर्टिसोल’ का स्त्राव बढ़ जाता है। इससे मस्तिष्क को यह संदेश जाता है कि शरीर कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है।

वह ग्लूकोज को भावी इस्तेमाल के लिए सहेजने लगता है। नतीजतन फैट और कॉर्बोहाइड्रेट के ऊर्जा में तब्दील होने की गति धीमी पड़ जाती है।

नई ऊर्जा जुटाने में मदद मिलेगी

एक्सरसाइज से ब्रेक मांसपेशियों का घनत्व बढ़ाने में भी असरदार है। इससे शरीर नई ऊर्जा के साथ कसरत करने के लिए प्रेरित होता है।

कसरत से मन नहीं उचटता

एक्सरसाइज से ब्रेक बोरियत का भाव नहीं पनपने देता है। अलबत्ता इससे व्यक्ति में कसरत के प्रति ज्यादा दिलचस्पी पैदा होती है।

Back to top button