Don 3: रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ छोड़ने पर फरहान अख्तर का तंज, बिना नाम लिए कह दी ये बात

डॉन 3' विवाद के बीच फरहान अख्तर ने 25 साल पुराने 'दिल चाहता है' का किस्सा याद करते हुए ऐन वक्त पर फिल्में छोड़ने वाले एक्टर्स पर तीखा तंज कसा है।

Farhan Akhtar Ranveer Singh Don 3: बॉलीवुड के मल्टी-टैलेंटेड फिल्ममेकर और एक्टर फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और सुपरस्टार रणवीर सिंह (Ranveer Singh) के बीच फिल्म ‘डॉन 3’ (Don 3) को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच फरहान अख्तर का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सीधे नाम लिए बिना रणवीर सिंह पर अप्रत्यक्ष रूप से बड़ा तंज कसा है।

‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में अपनी डेब्यू सुपरहिट फिल्म ‘दिल चाहता है’ के 25 साल पूरे होने पर बात करते हुए फरहान ने ऐन वक्त पर प्रोजेक्ट छोड़ने वाले अभिनेताओं के रवैये पर चुटकी ली।

पहले सैफ ने छोड़ी थी फिल्म

फरहान अख्तर ने 25 साल पुराने उस दौर को याद करते हुए बताया कि ‘दिल चाहता है’ में ‘समीर’ के आइकॉनिक किरदार के लिए जब सैफ अली खान (Saif Ali Khan) से बात हुई थी, तो वे पूरी तरह तैयार थे। लेकिन शूटिंग शुरू होने से ठीक एक महीने पहले कुछ तारीखों की समस्या के चलते सैफ इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गए थे।

फरहान ने कहा सैफ की किसी दूसरी फिल्म के साथ अचानक डेट्स टकरा गई थीं। वह आधे अंदर और आधे बाहर वाली स्थिति में थे और उन्हें फिल्म छोड़नी पड़ी। हम सबने उन्हें बहुत समझाया। उस वक्त मेरा सिर घूम गया था क्योंकि उनके अलावा उस रोल को कोई और प्ले ही नहीं कर सकता था। 

फिल्म छोड़ना नया ट्रेंड

इसी किस्से को आगे जोड़ते हुए फरहान ने हंसते हुए एक ऐसा बयान दे दिया, जिसे सीधे तौर पर रणवीर सिंह और ‘डॉन 3’ विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। फरहान ने तंज कसते हुए कहा शूटिंग से ठीक एक महीना पहले पीछे हट जाना… जो कि आजकल का नया ट्रेंड सा बन गया है। सिर्फ मेरे साथ ही नहीं, ऐसा दूसरों के साथ भी होता है।

ये भी पढ़े-Asur 3: फिर CBI अफसर बनकर लौटेंगे अरशद वारसी, शो में इस एक्ट्रेस की एंट्री

फरहान और रणवीर के बीच विवाद?

गौरतलब है कि फरहान अख्तर के प्रोडक्शन बैनर ‘एक्सल एंटरटेनमेंट’ के तहत ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह को लीड रोल में कास्ट किया गया था। हालांकि, शूटिंग शुरू होने से कुछ ही हफ्ते पहले रणवीर सिंह ने कथित तौर पर रचनात्मक मतभेदों और डेट्स के चलते फिल्म से वॉकआउट कर लिया था।

रणवीर के अचानक फिल्म छोड़ने से मेकर्स को बड़ा झटका लगा था और इसको लेकर इंडस्ट्री बॉडीज तक मामला पहुंच गया था। अब फरहान का यह तंज दिखाता है कि ‘डॉन 3’ के अचानक रुकने का मलाल उनके मन में आज भी कायम है।

ये भी पढ़े- ना मैंने चुम्मा दिया, ना लिया…’ उदित नारायण के ‘Kiss’ विवाद पर कुमार सानू ने ली चुटकी

Back to top button