UPI अपडेट से लेकर गैस कनेक्शन तक, साइबर ठगों ने दो लोगों से 1.68 लाख ऐंठे

गैस कनेक्शन बंद होने का झांसा देकर भेजा लिंक, UPI और कार्ड से 1.68 लाख रुपये की साइबर ठगी

Lucknow: लखनऊ में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पीजीआई और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को निशाना बनाया। एक मामले में फर्जी UPI के जरिए खातों से रकम निकाली गई, जबकि दूसरे मामले में गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाकर लिंक भेजा गया और क्रेडिट कार्ड व बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर करा लिए गए।

फर्जी UPI के जरिए 88,800 रुपये निकाले
पहला मामला पीजीआई थाना क्षेत्र के एल्डिको-2, रक्षा खंड का है। यहां रहने वाले संदीप कुमार के मुताबिक, 28 और 29 जून 2026 को साइबर ठगों ने फर्जी UPI के माध्यम से उनके खाते से 78,800 रुपये निकाल लिए। इसके अलावा उनकी बेटी के खाते से भी 10,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।

संदीप को ठगी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। साथ ही संबंधित बैंक और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार, 29 जून को उनके खाते से 99,000 रुपये के एक संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी भी सामने आई।

गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाया
दूसरा मामला सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अलकनंदा एन्क्लेव, अवध विहार योजना का है। यहां रहने वाले राम रूप कनौजिया के मोबाइल पर 19 अगस्त की शाम करीब 6:40 बजे अज्ञात नंबर से कॉल आई।

कॉल करने वाले ने खुद को ग्रीन गैस से जुड़ा कर्मचारी बताया। उसने कहा कि गैस कनेक्शन की आईडी अपडेट नहीं होने पर अगले दिन से गैस की सप्लाई बंद हो जाएगी। इसके बाद ठग ने राम रूप को एक लिंक भेजा और आईडी अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा।

यह भी पढ़ें…

‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047’ पर हुआ मंथन, लखनऊ के रिदित टंडन बने विजेता

लिंक के जरिए क्रेडिट कार्ड से 71 हजार ट्रांसफर
पीड़ित के मुताबिक, ठग ने उन्हें काफी देर तक प्रक्रिया में उलझाए रखा। संदेह होने पर उन्होंने फोन काट दिया, लेकिन तब तक उनके SBI क्रेडिट कार्ड से 71,840.98 रुपये भारती एयरटेल लिमिटेड, नोएडा के खाते में ट्रांसफर हो चुके थे।

इसके अलावा उनके PNB बचत खाते से चार बार में कुल 8,500 रुपये UPI के जरिए दूसरे खाते में भेज दिए गए। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने पुलिस और संबंधित बैंकों को शिकायत दी।

यह भी पढ़ें…

UP News: स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार! पुलिस की छापेमारी में छह युवक अरेस्ट

अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
साइबर ठगी के इन मामलों से एक बार फिर साफ है कि ठग सरकारी सेवा, बैंकिंग, UPI और गैस कनेक्शन जैसी जरूरी सेवाओं के नाम पर लोगों को डराकर या जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर कर रहे हैं। ऐसे किसी भी कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी, OTP, UPI PIN या कार्ड संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए। ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ संबंधित बैंक को भी सूचना देना जरूरी है, ताकि रकम को रोकने की कोशिश की जा सके।

यह भी पढ़ें…

अखिलेश बोले… BJP मतलब,भाग जाओ पाकिस्तान

Back to top button