FSSAI: रेड बुल और स्टिंग समेत बड़े इन ब्रांड्स को नोटिस, भ्रामक दावों पर कड़ा एक्शन

FSSAI Energy Drink Notice: देश के फूड रेगुलेटर FSSAI ने रेड बुल, स्टिंग और मॉन्स्टर समेत 6 बड़े एनर्जी ड्रिंक ब्रांड्स को भ्रामक दावों और मिसब्रांडिंग के लिए नोटिस जारी किया है। जानिए पूरा मामला।

FSSAI Energy Drink Notice: यदि आप या आपके बच्चे अक्सर एनर्जी ड्रिंक्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देश के 6 बड़े एनर्जी ड्रिंक ब्रांड्स को भ्रामक दावों (Misleading Claims) और मिसब्रांडिंग के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इस लिस्ट में रेड बुल, पेप्सिको की एड्रेनालिन रश, रिलायंस की कैंपा एनर्जी गोल्ड बूस्ट, स्टिंग, हेल एनर्जी और कोका कोला समर्थित मॉन्स्टर एनर्जी जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला?

FSSAI ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि कई कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स को “एनर्जी ड्रिंक” के नाम से बेच रही हैं, जबकि भारत में आधिकारिक तौर पर ऐसी कोई अलग फूड कैटेगरी या स्टैंडर्ड तय नहीं है। इसके अलावा, कंपनियां विज्ञापनों और पैकेट पर ऐसे दावे कर रही हैं जो नियमों के खिलाफ हैं।

किन दावों पर है FSSAI को आपत्ति?

नियमों के मुताबिक, फूड प्रोडक्ट्स पर ऐसे दावे नहीं किए जा सकते जो सेहत या शरीर पर किसी विशेष चमत्कारिक असर की बात करते हों। FSSAI ने मुख्य रूप से इन दावों को गलत माना है:

  • शरीर और दिमाग को तुरंत नई ऊर्जा देना।

  • फोकस या एकाग्रता (Concentration) बढ़ाना।

  • ऊर्जा का स्तर (Energy level) अचानक बढ़ाना।

  • सामान्य कमजोरी दूर करने में मदद का दावा करना।

उपभोक्ताओं पर क्या होगा असर?

FSSAI की इस कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि इन ड्रिंक्स की बिक्री पर पाबंदी लग गई है। फिलहाल यह नोटिस केवल भ्रामक विज्ञापनों और मिसब्रांडिंग को लेकर है।

किसी भी पैक्ड ड्रिंक या फूड प्रोडक्ट को केवल उसके आकर्षक विज्ञापनों के भरोसे न खरीदें। खरीदने से पहले उसके पीछे लिखे लेबल और न्यूट्रिशन वैल्यू को ध्यान से जरूर पढ़ें।

Back to top button