Stock Market Crash: शेयर बाजार में आज तबाही, जापान से कोरिया तक मचा भूचाल

Stock Market Crash: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट आई है। जापान का निक्केई और कोरिया का कोस्पी क्रैश हो गए हैं। भारतीय बाजार पर इसका क्या असर होगा।

Stock Market Crash: वैश्विक बाजारों से मिल रहे बेहद कमजोर संकेतों के चलते आज दुनिया भर के शेयर बाजारों में हड़कंप मचा हुआ है। अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में दिखी कमजोरी के बाद, सोमवार को एशियाई बाजारों के खुलते ही भारी बिकवाली देखने को मिली है। इस गिरावट का सीधा संबंध मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव (Geopolitical Tensions) से है।

सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट में

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 600 अंक से अधिक गिर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 इंडेक्स भी 150 अंक से अधिक फिसल गया। सुबह 9.23 बजे सेंसेक्स 619.63 अंक यानी 0.80% की गिरावट के साथ 976,949.76 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 181.50 अंक यानी 0.75% नीचे 24,025.40 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 0.4% गिरावट के साथ 95.7050 पर खुला। पिछले सत्र में यह 95.3250 पर बंद हुआ था।

ऑटो और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट के साथ खुले। इंडिगो में सबसे ज्यादा 2.81 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा टाटा स्टील, मारुति, एशियन पेंट्स, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। केवल टीसीएस, एचसीएल टेक और एनटीपीसी के शेयर तेजी के साथ खुले। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये गिरकर 479 लाख करोड़ रुपये रह गया।

एशियाई बाजारों में हाहाकार

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन एशियाई बाजारों की शुरुआत बेहद खराब रही। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती जंग की आशंका से निवेशक सहमे हुए हैं। कारोबार के दौरान जापान का निक्केई इंडेक्स लगभग 900 अंक टूटकर 67,230 के स्तर तक नीचे आ गया। सबसे ज्यादा प्रभावित साउथ कोरिया का मार्केट दिखा, जहां कोस्पी इंडेक्स खुलते ही क्रैश हो गया। इसमें करीब 6.90 फीसदी (510 अंक से ज्यादा) की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 6,952 के स्तर पर आ गया।

Back to top button