नायब सिंह सैनी बने हरियाणा के नए CM, पांच MLAs ने भी ली मंत्री पद की शपथ

कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। शपथ से पहले उन्होंने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के पैर छुए। उनके कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली हैं।

इमेज क्रेडिट-सोशल मीडिया

हरियाणा में मनोहर लाल के सीएम पद पर अपने मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा देने के बाद प्रदेश राजनीति में सियासी हलचल मच गई। वहीं हाईकमान ने हरियाणा में नए सीएम के रूप में नायब सैनी की घोषणा कर दी। इसके लिए नायब सैनी हरियाणा सीएम पद के लिए शपथ ले ली। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कई गणमान्य मौजूद हैं।

नायाब सैनी वर्तमान में हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कुरुक्षेत्र से लोकसभा सांसद भी हैं। यह पूरा राजनीतिक घटनाक्रम तब हुआ, जब मंगलवार को भाजपा-जजपा गठबंधन टूटने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत पूरी कैबिनेट ने अचानक से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक में नायाब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

पांच मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही पांच मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें कुंवरपाल सिंह, मूलचंद शर्मा, रणजीत चौटाला, जेपी दलाल और डॉ बनवारी लाल शामिल रहे हैं। यह सभी मनोहरलाल की अगुवाई वाली सरकार के कैबिनेट में भी शामिल रहे हैं। नायब सिंह सैनी के साथ किसी भी उप मुख्यमंत्री ने शपथ नहीं ली।

नायाब सिंह की गिनती मनोहर लाल खट्टर के करीबी नेताओं में होती है। उनके पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव रहा है और संगठन में रहते हुए वह कई जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। बीते साल ही बीजेपी नेतृत्व ने उनपर भरोसा जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी थी।

दुष्यंत चौटाला की पार्टी के चार विधायक रहे मौजूद
नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में JJP के चार विधायक मौजूद रहे। यह पार्टी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि हरियाणा विधानसभा में जेजेपी के 10 विधायक हैं। इस बीच यह खबर आ रही है नायब सिंह सैनी काे राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाने से बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज नाराज हैं। विज शपथ ग्रहण समारोह में भी नजर नहीं आए। 

Back to top button