Iran में गहराया मानवाधिकार संकट… 2571 मौतें, प्रदर्शनकारियों पर फांसी की तलवार

Iran Protests News: ईरान में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ जारी जनविद्रोह लगातार उग्र होता जा रहा है। देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान अब तक 2,571 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 18,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि सरकार और जनता आमने-सामने खड़ी दिखाई दे रही है।

मानवाधिकार संगठनों का बड़ा दावा
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, मारे गए लोगों में

  • 2,403 प्रदर्शनकारी,
  • 147 सरकारी पक्ष से जुड़े लोग,
  • और 12 बच्चे शामिल हैं।

मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि यह हाल के दशकों में ईरान का सबसे घातक जनआंदोलन बन चुका है।

इरफान सुल्तानी को आज फांसी दिए जाने की आशंका
ईरानी सरकार ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मौत की सजा दी जा सकती है। अब पहली बार किसी प्रदर्शनकारी को फांसी दिए जाने की पुष्टि सामने आ रही है।
सरकारी सूत्रों और मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक, 26 वर्षीय इरफान सुल्तानी को आज ही फांसी दी जा सकती है।

यह कदम ईरान की न्यायपालिका की तेज सुनवाई नीति का पहला उदाहरण माना जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है।

गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों पर फास्ट-ट्रैक ट्रायल के संकेत
रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की न्यायपालिका देशभर में गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और सख्त सजा की प्रक्रिया अपनाने की तैयारी में है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अंतरराष्ट्रीय दबाव लगातार बढ़ रहा है और कई देश ईरान से संयम बरतने की अपील कर रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर दबाव और बढ़ाते हुए कहा है कि:

  • जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उस पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है।
  • यदि प्रदर्शनकारियों को फांसी दी गई, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा।

ट्रंप ने ईरान में रह रहे अमेरिकियों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह देते हुए कहा कि अगर फांसी दी गई, तो आप कुछ ऐसा देखेंगे, जो पहले कभी नहीं देखा गया। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह कार्रवाई आर्थिक, कूटनीतिक या सैन्य होगी।

रूस ने अमेरिका की नीति पर जताई आपत्ति
रूस ने अमेरिका की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईरान के आंतरिक मामलों में दखल देना और सैन्य चेतावनियां देना अस्वीकार्य है। रूस का कहना है कि इस तरह के बयानों से मध्य-पूर्व में हालात और बिगड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें…

Train Accident: थाईलैंड में चलती ट्रेन पर गिरी क्रेन; 22 लोगों की मौत और 30 घायल

कतर की शांति की अपील
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर ने शांति की पहल की है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी ने ईरानी सुरक्षा अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर कहा कि दोहा तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान की हर कोशिश के साथ खड़ा है।

ईरान का पलटवार: ट्रंप और नेतन्याहू पर आरोप
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव और पूर्व संसद अध्यक्ष अली लारीजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए अमेरिका और इजरायल पर सीधा आरोप लगाया।
उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को “ईरानी लोगों के मुख्य हत्यारों” में शामिल बताया।

यह भी पढ़ें…

एलन मस्क की बढ़ी मुसीबत; इन देशों ने Grok AI पर लगाया बैन, भेजा नोटिस

निर्वासित युवराज रेजा पहलवी का भावुक संदेश
ईरान के निर्वासित युवराज रेजा पहलवी ने सोशल मीडिया पर ईरानी जनता से अपील करते हुए कहा:

“दुनिया अब आपकी आवाज़ सुन रही है और उसका जवाब भी दे रही है। संघर्ष जारी रखें। इस नरसंहार के बाद हमारे और इस सरकार के बीच खून का दरिया है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

स्थिति बेहद संवेदनशील
ईरान में हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे हैं। एक ओर सरकार सख्ती के रास्ते पर है, तो दूसरी ओर जनता पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रही।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फांसी की प्रक्रिया आगे बढ़ी और अंतरराष्ट्रीय दबाव और बढ़ा तो यह संकट ईरान के अंदर ही नहीं, पूरे मध्य-पूर्व के लिए बड़े टकराव का कारण बन सकता है।

यह भी पढ़ें…

ईरान ने मैदान में उतारे 2 करोड़ लड़ाके, क्या अमेरिका से खामेनेई को बचाएगा बासिज…

Back to top button