PV सिंधु ने जीता हाइलो ओपन का खिताब, लक्ष्य सेन ने सिंगल्स खिताब जीतकर रचा इतिहास

Hylo Open 2026: जर्मनी के सारब्रुकन में खेले गए प्रतिष्ठित हाइलो ओपन 2026 (Hylo Open 2026) बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय शटर्स ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। भारत के दो सबसे बड़े स्टार खिलाड़ियों डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु (PV Sindhu) और युवा स्टार लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) ने अपने शानदार और आक्रामक प्रदर्शन के दम पर क्रमशः महिला और पुरुष सिंगल्स के खिताब अपने नाम किए।

भारतीय बैडमिंटन इतिहास में यह एक ऐसा ऐतिहासिक दिन रहा जब देश के दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने एक ही दिन इंटरनेशनल बीडब्ल्यूएफ (BWF) टूर्नामेंट के सिंगल्स मुकाबले जीतकर डबल गोल्ड का गौरव हासिल किया।

पीवी सिंधु ने रचा नया इतिहास

महिला सिंगल्स के खिताबी मुकाबले में भारत की दिग्गज शटलर पीवी सिंधु ने शानदार लय दिखाते हुए डेनमार्क की मजबूत खिलाड़ी लाइन कजर्सफेल्ट (Line Kjaersfeldt) को सीधे सेटों में एकतरफा अंदाज में मात दी। सिंधु ने यह मुकाबला 21-12, 21-14 से अपने नाम किया।

इस खिताबी जीत के साथ ही पीवी सिंधु हाइलो ओपन के इतिहास में महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। पिछले कुछ हफ्तों से लगातार शानदार फॉर्म में चल रही सिंधु ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और जुलाई में जापान ओपन के बाद एक बार फिर बीडब्ल्यूएफ टूर का खिताब अपने नाम किया।

ये भी पढ़े-विश्व आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का दमदार प्रदर्शन, अब तक जीते 20 पदक

लक्ष्य सेन ने जोनाथन क्रिस्टी को दी शिकस्त

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने बेहद आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। लक्ष्य ने फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के मौजूदा चैंपियन और दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी (Jonatan Christie) को सीधे गेमों में 21-17, 21-10 से करारी शिकस्त दी।

इस बेहतरीन जीत के साथ लक्ष्य सेन ने इस साल का अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीता है। इसके साथ ही लक्ष्य हाइलो ओपन में दो बार पुरुष सिंगल्स का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं।

सारब्रुकन की इस खिताबी जीत से एक बार फिर साबित हो गया है कि भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी वैश्विक मंच पर देश का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दोनों ही चैंपियन खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश भर के खेल प्रेमियों और दिग्गजों ने बधाइयां दी हैं।

ये भी पढ़े-IND vs NZ: भारत के खिलाफ ODI सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को झटका, रचिन रविंद्र टीम से बाहर

Back to top button