कोरोना: 154 दिन में सबसे कम नए केस, टीकाकरण ने भी तोड़ा रिकॉर्ड

नई दिल्ली। देश को कोरोना संक्रमण से बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। मंगलवार को बीते 24 घंटों में कोरोना के 25,166 नए केस दर्ज किए गए हैं, जो बीते 154 दिनों का सबसे कम आंकड़ा है।
इसके चलते कुल मामलों के मुकाबले एक्टिव केसों का प्रतिशत तेजी से घटते हुए 1.15 फीसदी ही रह गया है, जो मार्च 2020 के बाद अब तक सबसे कम है। एक्टिव केसों की संख्या भी अब 3,69,846 ही रह गई है, जो बीते 146 दिनों में सबसे कम आंकड़ा है।
रिकवरी रेट भी लगातार सुधरता जा रहा है। फिलहाल देश में कोरोना का रिकवरी रेट 97.51% है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे ज्यादा है। अब तक भारत में 3,14,48,754 लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर सामान्य जिंदगी में लौट चुके हैं।
बीते 24 घंटे में 36,830 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। इसके अलावा वैक्सीनेशन की रफ्तार भी तेज हो गई है। बीते 24 घंटों में 88.13 लाख वैक्सीन डोज दी गई हैं। जो किसी एक दिन में टीकाकरण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
देश में अब तक 55 करोड़ टीके लगे, पॉजिटिविटी रेट भी घटा
देश भर में अब तक 55.47 करोड़ से ज्यादा कोरोना वायरस के टीके लग चुके हैं। लंबे समय के बाद वीकली पॉजिटिविटी रेट अब 2 फीसदी से भी कम हो गया है। डेली पॉजिटिविटी भी अब महज 1.61 फीसदी ही रह गया है। बीते 22 दिनों से यह 3 फीसदी से कम बना हुआ है।