U19 WC: भारत आठवीं बार फाइनल में, पांचवीं बार चैंपियन बनने का मौका

अंडर-19 भारतीय टीम

नई दिल्ली। भारत ने अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हरा दिया। अब फाइनल में टीम इंडिया इंग्लैंड से पांच फरवरी यानी शनिवार को भिड़ेगी। भारत के पास पांचवीं बार चैंपियन बनने का मौका है।

इससे पहले टीम 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीत चुकी है। सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान यश धुल ने 110 रन और शेख रशीद ने 94 रन की पारी खेली।

कप्तान यश धुल और शेख रशीद

इसके अलावा भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश बाना ने चार गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाए। उन्होंने चारों गेंदों पर बाउंड्री लगाई। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं।

वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (पुरुष, महिला और अंडर-19) में चार या इससे ज्यादा गेंद खेलते हुए हर गेंद पर बाउंड्री जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 37 रन पर अपने दोनों ओपनर्स अंगकृष रघुवंशी और हरनूर सिंह का विकेट गंवा दिया था।

इसके बाद शेख रशीद और यश धुल ने तीसरे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी निभाई। धुल ने 110 रन और रशीद ने 94 रन की पारी खेली।

जीत के बाद कप्तान यश धुल बेहद खुश नजर आए। वह भारतीय कप्तानों की उस एलीट लिस्ट में शामिल हो गए, जिन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया की कप्तानी की है।

इसमें मोहम्मद कैफ (2000), रविकांत शुक्ला (2006), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012), ईशान किशन (2016), पृथ्वी शॉ (2018) और प्रियम गर्ग (2020) शामिल हैं।

भारतीय टीम आठवीं बार फाइनल में पहुंची है। भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है।

टीम इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और इस साल फाइनल में पहुंची है। भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता था।

Back to top button