
दिल्ली में हौज खास में AC ब्लास्ट से लगी आग, रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत
Delhi Hauz Khas AC Blast: दिल्ली के हौज खास में AC ब्लास्ट के कारण लगी आग में 80 साल के पूर्व IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई.
Delhi Hauz Khas AC Blast: रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की दिल्ली के हौज खास स्थित उनके घर में आग लगने से मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, आग एयर-कंडीशनिंग यूनिट में हुए ब्लास्ट के कारण लगी थी। हादसे के वक्त घर में पांच लोग मौजूद थे। धनेंद्र के बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना पर पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस पर देरी से पहुंचने और लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत
हरियाणा कैडर के 1968 बैच के IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार 80 साल के थे। वे वर्ल्ड बैंक में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रह चुके थे। साथ ही कॉम्पिटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) के पहले चेयरमैन भी थे। CCI एक सरकारी संस्था है जो यह सुनिश्चित करती है कि कोई कंपनी बाजार में अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल न करे। CCI की स्थापना 2003 में हुई थी। आयोग ने पूरी तरह कामकाज मई 2009 से शुरू किया।
फायर ब्रिगेड आने में लग गए 20-25 मिनट
महिला ने बताया कि वह रिटायर IAS अधिकारी की पड़ोसी है. उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड आने में 20-25 मिनट लगे. वो लोग बहाना बना रहे थे. उनका कहना था कि उन्हें घर की लोकेशन नहीं मिली, गली पतली है. लेकिन ऐसा कुछ नहीं है.यहां पतली गली नहीं है आराम से फायर ब्रिगेड आ सकती है.
उन्होंने कहा कि अंकल (रिटायर IAS) और उनकी पत्नी अकेले ही अपने स्टाफ के साथ यहां रहते हैं. वो इतने बड़े पद से रिटायर हुए इसके बाद भी उनके पास मदद पहुंचने में इतना वक्त लग गया. तो किसी आम आदमी का क्या होगा.
दिल्ली के हौज खास थाने में रात करीब 11 बजकर 18 मिनट पर पीसीआर पर कॉल आई, जिसमें बताया गया है कि एक घर में आग लग गई है. इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फिर दो फायर टेंडर्स ने आग पर काबू पाया.
घर में आग लगने के समय कुल पांच लोग मौजूद थे,जिसमें घर में काम करने वाले नौकर भी शामिल थे. सभी को अस्पताल ले जाया गया. इनमें से एक 80 साल के पूर्व IAS धनेंद्र कुमार भी मौजूद थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.





