
खाने का स्वाद बिगड़ा तो IPL क्रिकेटर और IPS पिता ने कुक को जमकर पीटा, FIR दर्ज
Shashank Singh: भोपाल में IPL खिलाड़ी शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड IPS पिता शैलेश सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घरेलू रसोइए ने बंधक बनाने और बेरहमी से मारपीट का आरोप लगाया है।
IPL Cricketer Shashank Singh FIR: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) PBKS के स्टार क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता व रिटायर्ड आईपीएस (IPS) अधिकारी शैलेश सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर अपने घर के घरेलू रसोइए (कुक) के साथ बेरहमी से मारपीट करने, गाली-गलौज करने और उसे बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
रीवा जिले के रहने वाले 31 वर्षीय रसोइए विपेंद्र सिंह तोमर ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। विपेंद्र के अनुसार, उन्हें हाल ही में 15,000 रुपये प्रति माह वेतन और रहने-खाने की सुविधा के वादे पर इस बंगले पर काम के लिए रखा गया था।
शिकायत में आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही घंटों के भीतर खाने के स्वाद और क्वालिटी को लेकर उन पर मानसिक दबाव बनाया गया और गाली-गलौज की गई। जब माहौल खराब देखकर कुक ने नौकरी छोड़ने और वापस रीवा लौटने की इच्छा जताई, तो आरोपी भड़क गए। उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया ताकि वह किसी से मदद न मांग सके।
खुद को कमरे में बंद किया, फिर भी पीटा
पीड़ित ने बताया कि खुद को बचाने के लिए उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। लेकिन आरोप है कि क्रिकेटर, उनके पिता और ड्राइवर ने दरवाजा खोलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पुलिस द्वारा किए गए मेडिकल टेस्ट में कुक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है।
BNS के तहत केस दर्ज
रातीबड़ थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है:
-
धारा 296(B): अश्लील कृत्य और सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करना।
-
धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या मारपीट करना।
-
धारा 3(5): समान इरादे से कई लोगों द्वारा मिलकर किया गया कृत्य।
यह पूरी घटना भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेंदोरी गांव स्थित उनके बंगले की है। पुलिस ने पीड़ित कुक की शिकायत पर पिता-पुत्र और उनके ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





