
BJP-RSS का सपना, चंदे का माल अपना:Jairam Ramesh
Jairam Ramesh BJP RSS Delhi: राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे की चोरी ही नहीं हुई, बल्कि मंदिर निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों लोगों से जुटाए गए हजारों करोड़ रुपये के चंदे में भी हेराफेरी की गई। उन्होंने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद पर तंज कसते हुए कहा, ‘भाजपा, आरएसएस, वीएचपी का सपना, चंदे का माल अपना।’ कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री से हमारा सीधा सवाल है कि आपकी नाक के नीचे चंदे की यह चोरी हुई, तो आपने मौन सहमति देकर इस पाप में भागीदार बनना क्यों चुना?
कांग्रेस नेता ने दोनों रजिस्ट्री के गवाहों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या दोनों दस्तावेजों में गवाह तत्कालीन भाजपा महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ही थे। रमेश ने यह भी सवाल किया कि 2021 की जांच रिपोर्ट पांच साल बाद भी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई है। जमीन के इन सौदों की जांच कर रही विशेष जांच टीम के नतीजे आखिर कब सामने आएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जाने और भाजपा, आरएसएस तथा वीएचपी से जुड़े लोगों पर आरोप लगने के बावजूद न तो जांच के नतीजे सामने आए और न ही कार्रवाई की गई।





