Vaishno Devi Yatra: भारी बारिश और बर्फबारी…, जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

Vaishno Devi Yatra Suspended: जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश एवं बर्फबारी जारी है। इस क्रम में कटरा में सुरक्षा कारणों से माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा फिलहाल रोक दी गई है

Vaishno Devi Yatra Suspended: जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ रहा है। अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने पड़े हैं। जम्मू स्थित कटरा में भी मौसम की पहली बर्फबारी हुई है, जिसके बाद वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा रोक दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इसको लेकर सूचना जारी की है। बोर्ड का कहना है कि जैसे ही मौसम खुलेगा यात्रा दोबारा से शुरू कर दी जाएगी। बीती रात से त्रिकुट पर्वत और दरबार के आसपास बर्फबारी से नजारा बदल गया है।

माता वैष्णो देवी मंदिर ताजी बर्फ से ढका

त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मशहूर श्री माता वैष्णो देवी मंदिर ताजी बर्फ से ढक गया है। इससे खड़ी चढ़ाई वाले रास्ते और आस-पास के पहाड़ एक शांत सर्दियों के नजारे में बदल गए। गुरुवार शाम को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई और यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रही। इससे खूबसूरत नजारे तो बने। लेकिन ट्रैकर्स के लिए हालात भी खतरनाक हो गए।

बीते दो महीने से नहीं हुई थी बारिश

जम्मू शहर सहित मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश हुई. मैदानी इलाकों में पिछले दो महीने से अधिक समय से बारिश नहीं हुई थी. अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार देर शाम से बर्फबारी शुरू हो गई, जबकि जम्मू शहर समेत मैदानी इलाकों में रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही.

उन्होंने बताया कि रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी, रियासी, उधमपुर और कठुआ जिलों के ऊपरी इलाकों में अब भी बर्फबारी जारी है और पांच इंच से लेकर एक फुट से ऊंचाई तक बर्फ जम गई है. ऊपरी इलाकों में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में भी बर्फबारी हुई थी.

बर्फबारी में रुकीं गाड़ियां 

कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले एकमात्र बारहमासी 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताजा बर्फबारी के बाद यातायात रोक दिया गया.

बनिहाल-काजीगुंड खंड में नवयुग सुरंग के अंदर और आसपास ताजा बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर- दोनों दिशाओं में यातायात बाधित हो गया है. इसके अलावा मुगल रोड, श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल और सिंथन रोड भी बर्फ जमने के कारण बंद कर दी गई हैं.

Back to top button