Kanpur News: कानपुर में 10 करोड़ की ड्रग्स बरामद! उड़ीसा से आगरा जा रही थी खेप

Kanpur News: कानपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस ने ‘से नो टू ड्रग्स‘ अभियान के तहत 10 करोड़ रुपये की कीमत का 600 किलो गांजा जब्त किया है। हरियाणा के तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

Kanpur News: उत्तर प्रदेश की कानपुर कमिश्नरेट पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘से नो टू ड्रग्स’ के तहत एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। रावतपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक ट्रक से 600 किलोग्राम से अधिक उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

फिल्मी अंदाज में पीछा कर घेरा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस की टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में मादक पदार्थ (गांजा) से लदा एक ट्रक कानपुर के रास्ते गुजरने वाला है।

इसी दौरान जीटी रोड पर एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीमों ने तत्काल उसका पीछा करना शुरू किया। करीब 15 किलोमीटर तक चले इस हाई-स्पीड चेज के बाद पुलिस ने जीटी रोड पर घेराबंदी करके आखिरकार ट्रक को रोक लिया।

उड़ीसा से आगरा ले जाई जा रही थी ड्रग्स

ट्रक की सघन तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। ट्रक के अंदर छिपाकर रखे गए पैकेटों से कुल 600 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सह तस्कर लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है।

पूछताछ में आरोपी लियाकत अली ने कुबूल किया कि वह यह करोड़ों रुपये की खेप उड़ीसा से लेकर आ रहा था और इसे आगरा ले जाया जा रहा था। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के कई अन्य बड़े महानगरों में भी इसकी सप्लाई की जानी थी।

ये भी पढ़े- कुशीनगर में अवैध अस्पतालों का नेटवर्क, कप्तानगंज समेत कई इलाकों में जारी खेल; सवालों के घेरे में स्वास्थ्य विभाग

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी

एडीसीपी क्राइम सुमित रामटेके ने मामले की जानकारी देते हुए बताया, “यह एक बेहद संगठित अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का मामला है। शुरुआती पूछताछ में जमशेद, जावेद और जुनैद नामक कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी इस पूरे सिंडिकेट में बड़ी भूमिका मानी जा रही है। पुलिस की टीमें इनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।”

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर और राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

ये भी पढ़े- वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जा रहे पिता-पुत्री की मौत

Back to top button