
Sawan 2026: सावन के पहले दिन काशी पहुंचे CM योगी, श्रद्धालुओं के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम
सावन माह के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का जलाभिषेक कर लोक-कल्याण की कामना की। पढ़ें दर्शन व व्यवस्थाओं की पूरी रिपोर्ट।
Kashi Vishwanath Dham Sawan Darshan: पावन सावन मास की शुरुआत होते ही शिवनगरी काशी में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज उठे हैं। सावन के पहले दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम और बाबा काल भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस पावन अवसर पर अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन और जलाभिषेक किया।
सीएम योगी ने ‘काशी कोतवाल’ बाबा काल भैरव के दरबार में भी हाजिरी लगाई और आरती उतारकर लोक-कल्याण तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बाबा विश्वनाथ का किया षोडशोपचार पूजन
श्री काशी विश्वनाथ धाम के गर्भगृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अर्चक और वैदिक आचार्यों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।
मंदिर प्रांगण से निकलते समय श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के उद्घोष से मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिसका जवाब उन्होंने हाथ जोड़कर और अभिवादन स्वीकार कर दिया।
सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
सावन माह में देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुगम और सुरक्षित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं. स्थानीय नागरिकों को दर्शन में असुविधा न हो, इसके लिए वाराणसी का पहचान पत्र दिखाने पर उनके लिए अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था की गई है।
पूरे मंदिर परिसर और गंगा घाटों पर एनडीआरएफ, जल पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और ओआरएस की व्यवस्था की गई है।
दर्शन या स्पर्श दर्शन के नाम पर अवैध वसूली या धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जा रही है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सावन के पूरे महीने कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए और व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।





