
IPL 2026 में KL Rahul का धमाका: 150 रन का ऐतिहासिक कारनामा, ऑरेंज कैप पर कब्जा
IPL 2026: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान केएल राहुल का बल्ला आग उगल रहा है। शनिवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में राहुल ने न केवल 75 रनों की तूफानी पारी खेली, बल्कि क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया। वे अब आईपीएल की एक पारी में 150 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
IPL 2026 में 150 रन का तिलस्म तोड़ने वाले पहले भारतीय
केएल राहुल ने इस सीजन में पंजाब किंग्स के खिलाफ 152 रनों* की नाबाद पारी खेलकर वह कारनामा कर दिखाया जो आज तक विराट कोहली, रोहित शर्मा या एमएस धोनी जैसे दिग्गज भी नहीं कर सके। आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में राहुल पहले भारतीय हैं जिन्होंने 150 रनों की व्यक्तिगत पारी खेली है। उनसे पहले ब्रेंडन मैकुलम, क्रिस गेल और क्विंटन डी कॉक जैसे विदेशी खिलाड़ी ही यह मुकाम हासिल कर पाए थे।
राजस्थान के खिलाफ बनाया खास रिकॉर्ड
कल के मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 75 रनों की पारी के दौरान राहुल ने आरआर के खिलाफ अपना 8वां 50+ स्कोर बनाया। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में विराट कोहली (7) को पीछे छोड़ दिया है। राहुल की इस निरंतरता ने उन्हें इस विपक्षी टीम के लिए सबसे बड़ा ‘खतरा’ साबित कर दिया है।
बतौर ओपनर 200 छक्कों का क्लब
राहुल ने अपनी इस पारी में 5 गगनचुंबी छक्के लगाए, जिसकी मदद से उन्होंने आईपीएल में बतौर ओपनर अपने 200 छक्के पूरे कर लिए हैं। वे ऐसा करने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे सलामी बल्लेबाज हैं। इस सूची में उनसे आगे केवल क्रिस गेल और डेविड वॉर्नर मौजूद हैं। उनकी पावर-हिटिंग ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।
ऑरेंज कैप पर जमाया कब्जा
इस शानदार पारी की बदौलत केएल राहुल अब आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। 433 रनों के साथ ऑरेंज कैप अब उनके सिर पर सज गई है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए न केवल कप्तानी की जिम्मेदारी बखूबी निभाई है, बल्कि एक आक्रामक फिनिशर और ओपनर की भूमिका को भी नए आयाम दिए हैं।
वर्ल्ड कप टीम के लिए ठोका दावा
राहुल का यह ‘विराट’ रूप आगामी टी20 वर्ल्ड कप के चयनकर्ताओं के लिए भी एक कड़ा संदेश है। स्ट्राइक रेट को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम लगाते हुए राहुल ने इस सीजन में 185 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जो उन्हें टीम इंडिया की प्लेइंग-11 के लिए सबसे प्रबल दावेदार बनाता है।





