Lucknow News: लखनऊ 1090 चौराहा मारपीट कांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी सीज

Lucknow News: लखनऊ के प्रसिद्ध 1090 चौराहे पर हुए मारपीट के वायरल वीडियो मामले में गौतमपल्ली पुलिस ने समीर और गुफरान को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल वाहन सीज, अन्य की तलाश जारी।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का VVIP इलाका माना जाने वाला 1090 चौराहा हाल ही में एक सनसनीखेज मारपीट की घटना को लेकर चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में आई गौतमपल्ली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।

BNS की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस के अनुसार, 1090 चौराहे पर हुई इस गुंडागर्दी और मारपीट के मामले में थाना गौतमपल्ली में मु0अ0सं0-34/2026 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गौतमपल्ली थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वायरल वीडियो के आधार पर जांच करते हुए जिन दो अभियुक्तों को दबोचा है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

आरोपी का नाम उम्र पिता का नाम निवासी/पता
समीर 19 वर्ष स्व. लईक भेड़ीमंडी, वजीरगंज (थाना नाका हिंडोला), लखनऊ
गुफरान 23 वर्ष शकील मकबूलगंज, लाटूश रोड (थाना कैसरबाग), लखनऊ

पुलिस का बयान- “पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के समय इन बदमाशों द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन को भी नियमानुसार सीज कर दिया गया है।”

फरार आरोपियों के लिए दी जा रही दबिश

बाकी बचे आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकरण में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध ऐसी कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जो भविष्य के लिए एक नजीर बने।

Back to top button