राष्ट्र प्रेरणा स्थल से PM मोदी की ललकार, BJP को 370 खत्म करने का गर्व…

PM Modi Lucknow Visit: पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियों का अनावरण करके पुष्पांजलि अर्पित की।

PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101 वीं जयंती के मौके पर लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल (Rashtriya Prerna Sthal) का उद्घाटन किया। इस मौके अपने संबोधन में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डॉक्टर मुखर्जी ने देश को निर्णायक दिशा दी। उन्होंने दो विधान, दो निशान और दो प्रधान की व्यवस्था को सिरे से खारिज किया था। यह व्यवस्था आज़ादी के बाद भी जम्मू-कश्मीर में लागू थी और भारत की अखंडता के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

भाजपा को 370 खत्म करने का गर्व

पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी सरकार को अनुच्छेद 370 की दीवार गिराने का अवसर मिला और आज जम्मू-कश्मीर में भारत का संविधान पूरी तरह लागू है।

लखनऊ में बन रही है ब्रह्मोस मिसाइल

पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ की धमक पूरे विश्व में है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में ब्रह्मोस मिसाइल का बहुत बड़ा योगदान है। इस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है।

बैंक खाते खोले, लोगों को बीमा के दायरे में लेकर आए

पीएम ने कहा कि पहले बैंक खाते कुछ लोगों के होते थे, वैसे ही बीमा भी कुछ लोगों तक सीमित था। हमने जीवन ज्योति योजना बनाई। आज इस स्कीम से 25 करोड़ से ज्यादा गरीब जुड़े हैं। इसी तरह दुर्घटना बीमा से 55 करोड़ लोग जुड़े हैं। ये वह लोग हैं जो बीमा के बारे में सोच नहीं पाते थे। इन योजनाओं से करीब 25 हजार करोड़ का भुगतान इन गरीब परिवारों के काम आया।

अटल जी ने गांव-गांव सड़कें पहुंचाई

मोदी ने कहा कि सन 2000 के बाद से अब तक करीब आठ लाख किलोमीटर सड़कें गांवों में बनी हैं। इसमें से करीब चार लाख किमी सड़कें पिछले दस वर्षों में बनी हैं। पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है। यूपी में एक्सप्रेसवे बनाने में नाम कमा रहा है। एक के बाद एक एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। अटल जी ने ही दिल्ली में मेट्रो की शुरूआत की। मेट्रो नेटवर्क लोगों की जिंदगी आसान बना रही है। यूपी के कई शहरों में तेजी के साथ मेट्रो बन रही है।

 

Back to top button