लखनऊ में लगेगा पोल्ट्री एक्सपो, किसानों को मिलेंगी नई तकनीकों की जानकारी

Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित गोमती रिवर फ्रंट के 1090 क्रॉसिंग पर 4 अप्रैल से 6 अप्रैल 2026 तक पोल्ट्री एक्सपो 2026 का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन 4 अप्रैल को सुबह 11 बजे प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार मेश्राम करेंगे। तीन दिवसीय इस एक्सपो में पोल्ट्री उद्योग से जुड़े किसान, उद्यमी और विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। इस एक्सपो का आयोजन तेजस्वी पब्लिकेशन, हैदराबाद की ओर से किया जा रहा है।

आधुनिक तकनीकों की दी जाएगी जानकारी

आयोजन से जुड़े बी.बी. शिव शंकर ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पोल्ट्री सेक्टर की आधुनिक तकनीकों, उन्नत उपकरणों, प्रोसेसिंग, फीड उत्पादन और रोग नियंत्रण से जुड़ी नई जानकारियां दी जाएंगी। इससे किसानों और व्यवसायियों को अपने उत्पादन और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि एक्सपो के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इन सेमिनार में प्रतिभागियों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और अपनी समस्याओं के समाधान पाने का अवसर मिलेगा।

आत्मनिर्भरता को किया जाएगा प्रोत्साहित

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी रिद्धि किशोर गौड़ ने कहा कि देश में पोल्ट्री उद्योग प्रोटीन का एक प्रमुख स्रोत बन चुका है और कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में ब्रायलर उत्पादन में तेजी आई है, लेकिन अंडा उत्पादन और उन्नत फार्मिंग तकनीकों के क्षेत्र में अभी भी काफी संभावनाएं मौजूद हैं।

आयोजकों के अनुसार, इस एक्सपो का उद्देश्य प्रदेश के पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। किसानों, व्यापारियों और पोल्ट्री व्यवसाय में रुचि रखने वाले लोगों से इस एक्सपो में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

Back to top button