देवास में शराब तस्करों की खौफनाक करतूत, पुलिस अफसर की कुचलकर मौत

MP Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद दहला देने वाली खबर आई है। जिले के खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी (Illegal Liquor Smuggling) के खिलाफ एंटी-स्मगलिंग ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करने पहुंचे थाना प्रभारी (SHO) दिलीप पुरी को बेखौफ शराब तस्करों ने ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है और राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।

देर रात हुई खौफनाक वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को रविवार देर रात अवैध शराब से भरे एक ट्रक के गुजरने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर-बैतूल और हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रैप लगाया और वाहनों की चेकिंग शुरू की। पुलिस को पता चला था कि अवैध शराब से भरा एक आयशर ट्रक (MP 43 H 4786) हरदा की ओर से आ रहा है और आगे निकलने की फिराक में है। इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर संदिग्ध ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका।

चालक ने की भागने की कोशिश

जैसे ही थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा, तो चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। इस दौरान टीआई पुरी और चालक के बीच झूमाझटकी भी हुई। आरोप है कि शातिर चालक ने हड़बड़ी में ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाते हुए वहां से भागने की कोशिश की, जिससे टीआई दिलीप पुरी नीचे गिर गए और भारी-भरकम ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान निधन

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की और सीपीआर (CPR) भी दिया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर संदलपुर इलाके में ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। देवास एसपी आदित्य मिश्रा सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और फरार चालक की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

Back to top button